झांसी। लोकसभा में 131वें संविधान संशोधन विधेयक (नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक) के पारित न होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शहर के आशिक चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के पुतले फूंके।
इस दौरान महिला आरक्षण पर विपक्ष के अड़ंगे को लेकर महिला कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी थी। शहर के आशिक चौराहे पर बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एकत्रित हुईं और कांग्रेस व विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। इस दौरान जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने की कोशिश की, मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान पुलिस और महिला प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक खींचतान चली, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बावजूद इसके, महिला प्रदर्शनकारियों ने पुतले को आग के हवाले कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण था और इसके पास न होने से महिलाओं को बड़ा नुकसान हुआ है। इससे लोकसभा व राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का सपना पूरा नहीं हो सका। उन्होंने विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अपना आक्रोश जताया।














