झांसी। जिले के मऊरानीपुर बाजार में दुकानों में भीषण आग ने तबाही मचा दी। आधा दर्जन दुकानों में लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के दमेले इंटर कॉलेज के पास अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गयी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक कुल आठ दुकानें आग की लपटों की चपेट में आ गई और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जल कर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, किंतु तब तक लाखों का माल जल चुका था।स्थानीय लोगों और फायर कर्मियों की मदद से आग बुझाने का काम तेजी से किया गया लेकिन तब तक आठों दुकानों का सामान पूरी तरह जल चुका था।
बताया जा रहा है कि अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो यह और भी बड़ा रूप ले सकती थी, क्योंकि यह इलाका बेहद व्यस्त बाजार क्षेत्र है। अग्निकांड से पीड़ित दुकानदार पूरी तरह से बर्बाद हो गये, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।














