बुनिमो द्वारा कथित भ्रष्टाचार व सरकारी संपत्ति की हेराफेरी की उच्चस्तरीय जांच की मांग
झांसी। बुंदेलखंड की धार्मिक नगरी ओरछा में रामराजा सरकार के मन्दिर के सामने “रामलोक” निर्माण में करोड़ों के भ्रष्ट्राचार एवं ओरछा में हुए भूमि घोटाला के विरोध में बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने विगुल फूंक दिया है। इसकी शुरुआत बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय के नेतृत्व में धरना व प्रदर्शन कर की गई है। भविष्य में इस मुद्दे पर वृहद आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
ओरछा में बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के तत्वावधान में मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिला निवाड़ी के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी ओरछा में “रामलोक” निर्माण कार्य के संबंध में अत्यंत गंभीर अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। प्राप्त जानकारी एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध तथ्यों के अनुसार इस परियोजना में लगभग 8 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता तथा सरकारी संपत्तियों की हेराफेरी अधिकारियों के संरक्षण में किए जाने की आशंका है।
यह मामला न केवल सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का है, बल्कि धार्मिक आस्था एवं ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा से भी जुड़ा हुआ है। यदि इस प्रकार की अनियमितताओं को अनदेखा किया जाता है, तो इससे शासन-प्रशासन की पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होंगे।
धरने के माध्यम से मांग की गई कि –
1. उक्त प्रकरण की उच्चस्तरीय स्वतंत्र एजेंसी (जैसे ईओडब्ल्यू/लोकायुक्त) से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. जांच की समय-सीमा निर्धारित की जाए ताकि शीघ्र सत्य सामने आ सके।
3. दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सरकारी सम्पत्ति पर बोर्ड लगाए जाएं
इसी प्रकार ओरछा में सरकारी संपत्ति की हेराफेरी की जांच मण्डल आयुक्त सागर के निर्देश पर हुई जिसमें खाली पड़ी भूमि को अपने कब्जे में लेकर सरकारी सम्पत्ति का बोर्ड लगा दिया जाए। सरकारी सम्पत्ति के बोर्ड नहीं लगाए गए पर लोगों को स्टे लाने का समय दे दिया गया। इसकी भी जांच कराई जाए।
ओरछा की जनता एवं समस्त श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रकरण में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। धरने में मोर्चा महामंत्री अशोक सक्सेना, प्रवक्ता रघुराज शर्मा, कोषाध्यक्ष वरुण अग्रवाल, हनीफ खान, प्रदीप झा, नरेश वर्मा आदि शामिल रहे।
#MP #Orcha #Ramraja












