– जनता के हर मुद्दे पर भाजपा सरकार विफल, जनता को गुमराह कर मुद्दों से ध्यान हटा रहे

– दीपनारायण निर्दोष साबित होंगे, न्यायालय पर भरोसा जताया 

झांसी। झांसी में सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा की बेरोजगारी, महंगाई आदि मुद्दों पर से जनता का ध्यान हटाने के लिए फर्जी मुकदमे दर्ज कर सपाइयों को जेल भेजकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए दावा किया कि उच्च अधिकारियों पर दबाव है, उप्र के मुख्यमंत्री स्वयं मुख्य विपक्षी पार्टी सपा के नेताओं को फंसाने में लगे हैं। जनता के हर मुद्दे पर सरकार विफल है।

सोमवार को झांसी जिला कारागार में गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमों में जेल में बंद समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव से मुलाकात करने के बाद कारागार परिसर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। वह अपरान्ह तीन बजे जिला कारागार पहुंचे थे। प्रदेश के पूर्व मुखमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर प्रहार करते हुए कहा की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। जनता की किसी भी समस्या का उसके पास समाधान नहीं है। इसलिए वह समाजवादियों, पत्रकारों आदि को चिन्हित कर फर्जी मुकदमे दर्ज कर उनका उत्पीड़न कर रही और अपनी कमियां छुपाकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा की दीप नारायण सिंह यादव निर्दोष है, उन्हे साजिशन फर्जी मुकदमे दर्ज कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा उन्हे न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है, जेल में बंद पूर्व विधायक निर्दोष साबित होंगे जल्द ही जेल से रिहा होंगे। उन्होंने बताया की जिस प्रकार पुलिस पूर्व विधायक के पुत्र दीपांकर को देर रात इसलिए घर से उठा ले गई और कहा की पिता को हाजिर कर दो पुत्र को छोड़ देंगे। उन्होंने कहा इस पर उन्होंने कई पुलिस अफसरों से वार्ता की तो अफसरों ने बताया की उन पर दबाव है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा की जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री खुद लोगों को झूठे फर्जी मुकदमे में फसा रहा हो तो क्या होगा। उन्होंने कहा सपा का भी समय आएगा, फिर फैसला व समय देखना।

उन्होंने भाजपा शासन काल में निष्पक्ष लिखने पर जेल भेजे गए पत्रकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा की इस सरकार में सच्चाई की बात लिखने वाले पत्रकारों को भी जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा समस्त एजेंसियां भाजपा के इशारे पर काम कर रही। एजेंसियों का एक ही काम है, समाजवादी लोगों की जांच करो, फर्जी मुकदमे लिखो और जेल भेजो। उन्होंने प्रदेश में चरमरा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प हैं, झांसी मेडिकल कॉलेज पांच सौ बेड का सुपर स्पेशियलिटी को बजट नहीं दिया जा रहा, एंबुलेंस सेवा, डायल 100 सेवा सहित कई योजनाओं को बदल कर उन्हे नेस्तनाबूत कर दिया। सपा के शासन में बने सैनिक स्कूल को बजट नहीं दिया जा रहा है ‌

उन्होंने दावा किया कि यूपी में सबसे ज्यादा पुलिस कस्टडी में मौत हुई, उन्होंने बलवंत के परिवार को सरकार से एक करोड़ आर्थिक सहायता देने की मांग की। यूपी में सबसे ज्यादा महिला उत्पीड़न के मामले बढ़ रहे, महिलाए असुरक्षित है, किसान आत्महत्या कर रहा, सीमा असुरक्षित है, बाजारों में चीन का कब्जा हो रहा है, चीन अंदर घुसा चला आ रहा है। उन्होंने कहा दिल्ली व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार किसी भी समस्या का समाधान नहीं तलाश पा रही है, भाजपा सरकार का प्रोपोगैंडा सिर्फ प्रचार करना यही काम है। झांसी में बेरोज़गारी चरम पर है।

उन्होंने बताया कि मैनपुरी की हार से भाजपा उभर नही पा रही है, इसलिए नगर निकाय के चुनाव नही करा पा रही है। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी संघर्ष करेगी, फैसला देखना। उन्होंने कहा सरकार के इशारे पर पूर्व विधायक दीपनारायण को कारागार में नियम के अनुसार सुविधाए नही मिल रही है। भाजपा अपने विधायको का झगड़ा छुपाने के लिए और जो दुखी है, उन्हे छुपाने के लिए साजिशन फर्जी झूठे मुकदमे समाजवादियों पर दर्ज कर भाजपा अपनी नाकामी छुपाने के लिए फर्जी झूठे मुकदमे दर्ज कर रही।

उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा की आठ साल हो गए कई बार प्रधान मंत्री आए और घोषणाएं की लेकिन कोई काम नहीं हुआ,सिर्फ जनता को धोखा दिया है। उन्होंने कहा बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से दिल्ली की दूरी मुख्यमंत्री पांच घंटे में पूरी करने की बात कह रहे है। उन्होंने कहा बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से झांसी को जोड़ा ही नही गया, मुख्यमंत्री को झांसी से दिल्ली का रास्ता नहीं पता। उन्होंने नगर निगम चुनाव पर कहा की समाजवादी पार्टी इस चुनाव में अच्छा बेहतर प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने बताया कि उप्र सरकार के पास कोई औद्योगिक नीति नहीं है। कोई बड़ा उद्योगपति उप्र में इन्वेस्टमेंट नहीं करना चाहता। डिप्टी सीएम व मंत्रियों की फोज विदेश गए थे, वह क्या एम ओ यू करके आए, इसे सदन के पटल पर रखा जाना चाहिए तो खुलासा हो जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोई भी सौ विधायक लाए वह मुख्यमंत्री बना देंगे, हम तो खाली बैठे हैं। उन्होंने रामपुर में आजम खान पर फर्जी मुकदमों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार उनके परिवार का उत्पीड़न कर रही है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी इस यात्रा के साथ भावना है किंतु भाजपा को हटाएगा कौन यह सवाल है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों को कठघरे में खड़ा करते हुए कटाक्ष किया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ चंद्रपाल यादव, विधायक विनोद चतुर्वेदी, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह, विशन सिंह यादव, दीपांकर यादव मून, महेश कश्यप, सतीश जतारिया, घनश्याम कोरी आदि मौजूद थे। कारागार के बाहर सैंकड़ों की संख्या में सफाई मौजूद रह कर नारेबाजी करते रहे।

अखिलेश साथियों सहित दीप नारायण के आवास पहुंचे

पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह के सैकड़ों समर्थक उनके घर एकत्र हो गये उमड़ा जन सैलाब यह जाहिर करता है कि पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह के उनको चाहने वाले कितने लोग हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव झाँसी जेल में निरुद्ध पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव परिवार के लोगों से मुलाकात करने घर पहुंचे। वहां उन्होंने परिजनों से मिल कर जानकारी ली और धैर्य बंधाया।