ललितपुर – जाखलौन नव विद्युतिकृत एवं तिहरीकृत रेलखंड का निरीक्षण व स्पीड ट्रायल
झांसी। 30 दिसम्बर को प्रधान मुख्य बिजली इंजिनीयर उत्तर मध्य रेलवे सतीश कोठारी द्वारा झाँसी मंडल के ललितपुर – जाखलौन रेलखंड का तीसरी लाइन के विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया |

इस दौरान बिजली, कर्षण से जुड़े सभी इंस्टालेशन खम्बे, OHE सहित सभी उपकरणों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए विशेष रूप से परख की गयी | सभी संस्थापनों के कार्य गुणवत्ता की परख उपरान्त उक्त रेल खंड पर निरीक्षण विशेष गाडी से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल भी किया गया | निरीक्षण के दौरान मुख्यालय से मुख्य बिजली इंजिनीयर/निर्माण डी बी सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण झांसी संतोष शुक्ला सहित झाँसी मंडल से अपर मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार मिश्र सहित अन्य शाखाधिकारी उपस्थित रहे | निरीक्षण से पूर्णतः संतुष्ट होने पर उक्त रेलखंड संचालन हेतु उपलब्ध हो जायेगा | जिससे रेलों का पारागमन को अत्यधिक सुगमता तथा गति मिलेगी |