ललितपुर जिला कारागार में दुष्कर्म के मामले में 7 महीने से बंद था मृतक 

ललितपुर। झांसी मंडल के ललितपुर जिला कारागार में 7 महीने से बंद नाबालिग लड़की से रेप के आरोपी द्वारा आत्महत्या कर ली गई। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे जब बंदियों को प्रार्थना के लिए बैरक से बाहर निकाला जा रहा था तभी छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों की रेलिंग के सहारे बंदी ने मफलर का फंदा लगा लिया। जेल में सुसाइड की सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे।

सुबह प्रार्थना करने जाते समय किया सुसाइड

बताया गया है कि ललितपुर के कस्बा पाली निवासी 28 वर्षीय राजभान अहिरवार अप्रैल, 2022 में 13 साल की नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में 7 महीने से जिला कारागार में बंद था। शुक्रवार सुबह 6:40 बजे जब सभी बंदियों को ग्राउंड में ले जाया जा रहा था। तभी बैरक नंबर-2बी के पास छत पर जाने वाली सीढ़ियों की रेलिंग के सहारे मफलर का फंदा बनाकर लटक गया। आनन-फानन में बंदियों ने उसे फांसी के फंदे से उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जेल में बंदी राजभान की आत्महत्या की जानकारी लगते ही परिजन जेल पहुंचे। शव देखकर मां रामरानी जमीन पर बैठकर रोने बिलखने लगी। मां ने रोते हुए मीडिया को बताया कि 10 तारीख को बेटे की जमानत पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होनी थी, किंतु उसके पहले उसने जान दे दी। 5 दिन पहले मैं उससे मिलाई करने जेल आई थी, तब बेटा बहुत परेशान था। उसने रोते हुए बताया था कि मुझे झूठे केस में फंसाया गया है, मैंने उस लड़की के साथ कुछ नहीं किया है। मेरी बहुत बदनामी हुई है, मैं जेल में फांसी लगाकर मर जाऊंगा।

एक आरोपी की जमानत याचिका हो चुकी थी खारिज

मां रामरानी ने बताया कि जिस लड़की ने उसके बेटे समेत 6 लोगों पर रेप का आरोप लगाया था। उसी में से एक आरोपी की बीती 1 जनवरी को हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज हो चुकी थी। इसके बाद से ही उसका बेटा ज्यादा परेशान था। उसे डर था कि उसकी भी जमानत याचिका खारिज हो जाएगी। इसलिये उसे जेल में ही रहना पड़ेगा।

बड़ा बेटा भी रेप के आरोप में कर चुका है सुसाइड

मां ने बताया कि बेटे पर आरोप लगाने वाली लड़की की भाभी ने उसके बड़े पुत्र पर भी रेप का मामला कुछ सालों पहले दर्ज कराया था। उसका बड़ा पुत्र जगननाथ भी 7 महीने जेल में रहा था। बाद में राजीनामा होने पर एक लाख रुपए ले लिए थे। लड़की के मां उसे परेशान कर रही थी, जिसके बाद जगन्नाथ ने भी तीन साल पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने बताया कि उसके दो पुत्र व दो बेटियां थी। अब दोनों पुत्रों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पहले पुत्र के दो लड़की एक लड़का है।

इन्हें क्या बताऊंगी कि इनका पिता कैसे मर गया

राजभान की पत्नी बबीता ने बताया मेरा एक पुत्र व एक पुत्री है। अब मैं इन्हें क्या बताऊंगी कि इनका पिता कैसे मर गया। मेरे पति को झूठा फंसाया गया था। जेल में पति से पैसे मांगे जाते थे, पिछले शनिवार को मैं जेल में पति से मिलने गई तो पति ने 50 हजार रुपए मांगे थे। जब पूछा था कि किसलिये पैसे चाहिए तो बताया था कि जेल में देने पड़ते हैं।

मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जेल अधीक्षक लाल रत्नाकर ने बताया, ” जेल में 7 महीने से निरुद्व बन्दी राजभान ने मफलर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसने सुसाइड क्यों किया, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिये गए हैं।”

​​​​​​​रेप पीड़िता से इंस्पेक्टर ने भी की थी हैवानियत

गौरतलब है कि पीड़िता की मां ने बताया था कि 22 अप्रैल 2022 को चार लड़के बहला फुसलाकर उसकी बेटी को भोपाल ले गए थे। जहां पर तीन दिन उन लोगों ने उसके साथ रेप किया। उसके बाद 25 अप्रैल को पाली कस्बे में छोड़कर फरार हो गए थे। पीड़िता थाना पाली में शिकायत कराने पहुंची थी तो तत्कालीन थाना अध्यक्ष ने उसके साथ कमरे में ले जाकर हैवानियत की थी। घटना के बाद थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया था। आरोपी इंस्पेक्टर भी इसी जेल में बंद है।