झांसी। पुलिस टीम द्वारा झांसी में IPL सट्टेबाजों पर की जा रही कार्यवाही के क्रम में ऑनलाइन सट्टा गिरोह के एक और सदस्य को वीरेंद्र राय बसेरा फार्म हाउस के पास करगुवा जी मार्ग पर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी का नाम विवेक यादव पुत्र चंदन सिंह निवासी डुबकी बबीना बताया गया है। मौके से पुलिस ने चार मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें कई ऑनलाइन सट्टा वेबसाइटें सक्रिय पाई गईं, जिनमें VKT99, VANKY12.com, MAX24.com, VIVEKIII, DLF99.com, EX99.com और TEX99.com शामिल हैं। इन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टा संचालित किया जा रहा था।
जामा तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 22,400 रुपये नकद और एक देशी तमंचा 315 बोर भी बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहा था, जो मोबाइल ऐप और वेबसाइटों के जरिए सट्टा संचालन करता था।
13 बैंक खाते फ्रीज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल और डिजिटल खातों में लगभग 1.56 करोड़ “कॉइन्स” और अलग-अलग बैंक खातों में करीब 25 लाख रुपये के लेनदेन के सबूत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि इस अवैध कारोबार से गिरोह ने लगभग 70 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए 13 बैंक खातों में मौजूद 25 लाख रुपये की राशि को फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संगठित अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसएसपी ने बताया कि गिरोह के कई अन्य सदस्य वांछित हैं, जिनमें सत्येंद्र यादव, धर्मेंद्र साहू, हर्ष साहू, निशांत यादव उर्फ रोलेक्स, अरुण यादव, अंकित यादव और कुलदीप दिवाकर शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी और उनकी संपत्तियों की कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि झांसी में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई में आईपीएस प्रशिक्षु विनय कुमार यादव और नवाबाद पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने इस सफल अभियान के लिए पूरी टीम को 25,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की है।














