झांसी–ग्वालियर रेलखंड की थर्ड लाइन का निरीक्षण

0
12
डीआरएम द्वारा ग्वालियर यार्ड एवं यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर

झांसी। झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा परख निरीक्षण यान के माध्यम से झांसी–ग्वालियर रेलखंड में नव निर्मित तीसरी रेल लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रैक की गुणवत्ता, समपार फाटकों की स्थिति तथा सिग्नल प्रणाली का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने तथा सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा ग्वालियर यार्ड का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान यार्ड में संचालित परिचालन व्यवस्थाओं, ट्रैक मेंटेनेंस, सिग्नलिंग एवं सेफ्टी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यार्ड में सुचारु एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार संपादित हों।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि तीसरी लाइन के निर्माण से इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर यातायात सुगम होगा और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार आएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

इसके उपरांत डीआरएम ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर कैटरिंग स्टॉल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के पालन की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों को उच्च गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता के मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मंडल रेल प्रबंधक ने कैटरिंग संचालकों को “नो बिल, नो पे” नीति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों के हितों की रक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here