आगासौद–बीना के मध्य थर्ड लाइन पर डाउन में पहली ट्रेन 15066 सफलतापूर्वक दौड़ी 

0
23

शीघ्र ही तीसरी लाइन पर नियमित ट्रेन संचालन होगा

झांसी। 15 अक्टूबर को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में झाँसी मंडल के आगासोद–बीना रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन का कार्य निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह कार्य परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार, टी आर डी के साथ निर्माण शाखा सहित सभी विभागों के उचित समन्वय पूर्ण कर लिया गया। इस उपलब्धि के साथ रेल परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम पूरा हुआ है। तीसरी लाइन पर डाउन दिशा में पहली ट्रेन संख्या 15066 का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। शीघ्र ही इस लाइन पर ट्रेनों का नियमित संचालन प्रारंभ हो जाएगा।

तीसरी रेल लाइन के चालू होने से आगासौद–बीना रेलखंड पर रेल यातायात की क्षमता में वृद्धि होगी। अतिरिक्त लाइन उपलब्ध होने से ट्रेनों के आवागमन को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने तथा यात्री और मालगाड़ियों के संचालन में अधिक सुविधा मिलेगी। इससे व्यस्त रेलखंड पर परिचालन संबंधी दबाव कम करने और ट्रेनों के सुचारु संचालन में सहायता मिलेगी।

तीसरी लाइन के उपयोग से ट्रेनों के संचालन की योजना बनाने में अधिक लचीलापन आएगा। साथ ही, बढ़ते यात्री यातायात एवं माल परिवहन की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। यह रेलखंड की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने तथा भविष्य की परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

रेलवे द्वारा रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने, परिचालन दक्षता में सुधार करने तथा यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधारभूत संरचना के विकास पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। आगासौद–बीना के मध्य तीसरी रेल लाइन का कार्य समय सीमा में पूर्ण होना इसी प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here