झांसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक झांसी-इलाहाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन 2023 की मतगणना झांसी में बीकेडी में शुक्रवार सुबह पूरी हो गई। परिणामों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल तिवारी ने अपने निकटम प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश चंद्र त्रिपाठी को 1403 वोट से शिकस्त देकर विजय पताका फहराई। समर्थक व शुभचिंतक खुशी से झूम उठे।

गौरतलब है कि गुरुवार को पुलिस ओर प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच झांसी के बीकेडी में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू हुई। पूरी रात मतगणना के परिणाम शुक्रवार की सुबह घोषित किया गया। भाजपा के प्रत्याशी बाबू लाल तिवारी को विजई घोषित किया गया। मतगणना में शुरू से ही भाजपा प्रत्याशी का निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश चंद्र त्रिपाठी से मुकाबला रहा। बाबूलाल तिवारी के पीछे पीछे सुरेश चंद्र त्रिपाठी मतगणना में चलते रहे। शुक्रवार की सुबह मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल तिवारी को 1403 वोट से विजई घोषित किया गया। श्री तिवारी को 10,205 मत प्राप्त हुए। विजयी होने पर रिटर्निंग ऑफिसर मंडलायुक्त झांसी मंडल झांसी डॉ0 आदर्श सिंह द्वारा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर/जिलाधिकारी झांसी रविंद्र कुमार की उपस्थिति में डॉ0 बाबूलाल तिवारी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

भाजपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा होते ही मतगणना हाल के बाहर व बीकेडी के शिक्षक आवास परिसर में खड़े भाजपाइयों व समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। आज दिन भर श्री तिवारी जी का अभिनंदन किया जाता रहा। इस दौरान श्री तिवारी ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा की शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।