परिजनों ने लगाया सुनियोजित हत्या का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
डबरा/झांसी मप्र (संवाद सूत्र)। मप्र के डबरा शहर के बाईपास नेशनल हाईवे-44 पर रंगे पंजाब होटल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिले झांसी निवासी व डबरा में तैनात रेल कर्मचारी का शव हत्या व दुर्घटना के बीच उलझ कर पहेली बन गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दरअसल, मंगलवार को मप्र के डबरा शहर के बाईपास हाईवे पर रंगे पंजाब होटल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मप्र पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भिजवा कर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए थे। पुलिस के अनुसार, जींस शर्ट पहने मृतक युवक शारीरिक रूप से हष्ट-पुष्ट था। मौके पर कोई भी ऐसा दस्तावेज या सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान तुरंत हो सके।
मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके फोटो आसपास के जिलों और सभी थानों में प्रसारित कर दिए गए हैं। पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी युवक की पहचान के प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बुधवार को परिजनों ने अज्ञात शव की शिनाख्त कर दी।
मृतक की पहचान रेलवे के ट्रैक मशीन विभाग में कार्यरत कर्मचारी शाहिद खान निवासी झांसी के रूप में हुई है।मृतक उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में ट्रैक मशीन डिपो में पदस्थ/सम्बद्ध था और वर्तमान में उनकी ड्यूटी डबरा रेल क्षेत्र में ही थी। मृतक हाईवे पर किन परिस्थितियों का शिकार हुआ जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों ने सुनियोजित हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।














