ओवरलोडिंग से हुआ हादसा, गार्ड के विरोध के बावजूद 14 लोग हो गये थे सवार
झांसी। मेडिकल कॉलिज के अस्पताल परिसर में एक बार फिर से मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को वॉर्ड में संचालित लिफ्ट का अचानक तार टूट गया और तेज़ आवाज़ के साथ लिफ्ट एक मंजिल से गिर कर नीचे आ टकराई। संयोग से बड़ा हादसा होते-होते बच गया, मात्र एक तीमारदार को चोट आई जबकि इसमें 14 तीमारदार सवार थे। लिफ्ट गार्ड ने निर्धारित से अधिक लोगों के सवार होने पर मना किया था, किंतु इसे अनसुनी कर तीमारदारों ने कर लिया गेट बन्द।
बुधवार को अपराह्न 3.30 बजे हुऐ इस हादसा के संबंध में बताया गया है कि मेडिकल कॉलिज अस्पताल परिसर की लाल बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर से वॉर्ड्स तक जाने आने को लिफ्ट संचालित है। लिफ्ट में ग्राउंड फ्लोर तक आने को थर्ड फ्लोर से एक के बाद एक 14 तीमारदार जबरन सवार हो गए जबकि वहां तैनात गार्ड लिफ्ट के ओवरलोड होने का हवाला देते हुए लोगों को बाहर निकालने का अनुरोध करता रहा, किंतु किसी ने नहीं माना और लिफ्ट का गेट बंद कर चालू कर दिया।
ओवरलोड होने से चलते समय लिफ्ट का तार अचानक टूट गया। तार टूटते ही लिफ्ट तेज झटके के साथ नीचे आई और ग्राउण्ड फ्लोर पर जोरदार आवाज के साथ टकरा गई। इसके बाद अन्दर सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार अपराह्न लगभग 3.30 बजे तीसरी मंजिल स्थित 8 नम्बर वॉर्ड में भर्ती मरीजों से मिलकर तीमारदार नीचे लौट रहे थे। इसी दौरान अन्य लोगों के साथ करीब 14 लोग लिफ्ट में सवार हो गए। लिफ्ट पहली मंजिल पर पहुँची ही थी कि अचानक उसका तार टूट गया और लिफ्ट तेजी से धमाके के साथ नीचे आ गिरी।
इस हादसे में पचकुइयाँ निवासी नौशाद नामक तीमारदार को मामूली चोट आई। लिफ्ट में सवार लोगों ने आनन-फानन में गेट खोलकर बाहर निकले। घायल को तत्काल उपचार दिया गया, जिसके बाद वह घर के लिए रवाना हो गया। इस घटनाक्रम से दहशत फैल गई है।














