ससुराल में रह रहा था मृतक, चर्चाओं का बाजार गर्म

झांसी। जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक पिछले 10-12 दिनों से मऊरानीपुर में अपनी ससुराल में रुका हुआ था। इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

मऊरानीपुर के मोहल्ला नई बस्ती क्षेत्र के लोगों ने सुबह-सुबह सूनसान जगह पर पेड़ पर एक युवक का शव लटकते हुए देखा। यह देख क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी। जानकारी मिलने पर सड़ी संख्या में आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। साथ ही मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पेड़ से शव को उतार कर कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू किया। मृतक की पहचान दीपक कुशवाहा पुत्र खितई कुशवाहा निवासी ग्राम लार थाना जतारा जिला टीकमगढ़ मप्र के रूप में हुई। मृतक के ससुर चरन कुशवाहा ने बताया कि दीपक पिछले 10 -12 दिन से मऊरानीपुर में अपनी ससुराल में रह रहा था। गत रात्रि में खाना खाने के बाद दीपक लौटकर नहीं आया। आखिर दीपक के द्वारा इस तरह के कदम क्यों उठाया गया। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

बताया गया है कि दीपक की शादी लगभग 12 वर्ष पहले मऊरानीपुर के मोहल्ला नई बस्ती में हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची साथ ही शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी। वहीं घटना की जानकारी मृतक दीपक के परिजनों को भी दे दी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। दीपक की आत्महत्या पहेली बनी हुई है