देवर ने सिपाही पर लगाया हत्या का आरोप, जांच जारी

Jhansi. निवाड़ी के देवरा खेरा गांव की एक महिला की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। वह पारिवारिक कलह के कारण पति व एक बच्चे को छोड़ कर झांसी में अलग एक सिपाही के साथ रह रही थी। उसी सिपाही पर हत्या का आरोप लगाते हुए महिला के देवर ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

बताया गया है कि निवाड़ी के देवरा खेरा गांव निवासी ऋतु सिंह की शादी 14 साल पहले मोंठ के बुढ़ावली गांव के राघवेंद्र के साथ हुई थी। पति से आए दिन विवाद होने की वजह से लगभग सवा साल पहले ऋतु ससुराल छोड़ कर अपनी मां के साथ मायके चली गई थी। देवर मानवेंद्र के अनुसार भाभी ऋतु के मायके जाने के बाद पता चला था कि वह नौकरी करने फरीदाबाद चली गईं है। शनिवार की रात लगभग आठ बजे सूचना मिली कि भगवंतपुरा थाना सदर बाजार में एक्सीडेंट में ऋतु की मौत हो गई है।

यह जानकारी मिलने पर वे सभी देवरा खेरा गांव पहुंच गए। वहां शव देखा तो चोटें एक्सीडेंट की नहीं लगीं। इस पर निवाड़ी थाने में शिकायत की। इसके बाद सुबह उसके शव को मेडिकल कॉलेज लाया गया। देवर ने मीडिया को बताया कि भाभी की मौत के बाद पता चला कि वह झांसी में थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़ागांव गेट बाहर एक किराये के मकान में निवाड़ी के सिपाही के साथ रहती थी। बड़ागांव गेट बाहर उसके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने परिजनों को बताया कि ऋतु सिपाही को अपना पति बताती थी। सिपाही उसका पूरा खर्च उठाता था।

देवर ने आरोप लगाया कि शनिवार को ऋतु उसी सिपाही के साथ बाइक पर थी। देवर ने सिपाही पर ही भाभी की हत्या का आरोप लगाया। साथ ही मायके वालों पर भी हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया। देवर मानवेंद्र ने बताया कि भाभी के दो बेटे हैं। सात साल का रुद्र पिता के साथ गांव में रहता है। जबकि, 12 साल का राज अपनी मां के साथ रहता था। बड़े बेटे राज ने बताया कि सिपाही अक्सर उनके घर आता-जाता था। भाभी के मायके वाले भी यह बात जानते हैं, लेकिन वह छुपाए रहे। देवर ने बताया कि इस मामले में सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।