झांसी। जिले के मोंठ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पावई में होली की पार्टी कर लौटे एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

मोंठ के ग्राम पावई निवासी जितेंद्र अहिरवार का पुत्र आशीष अहिरवार उर्फ विक्की (25) होली की शाम गांव के ही एक युवक के साथ कार से पार्टी मनाने गया था। रात लगभग दस बजे वह वापस लौटा और सीधा अपने कमरे में चला गया। इसके कुछ समय बाद परिजन कमरे से कुछ गिरने की आवाज सुन कर कमरे की ओर भागे। कमरे की कुंडी अंदर से लगी हुई थी। झांक कर देखा तो जितेंद्र पंखे के कुंडे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था।
इस पर परिजन दरवाजा तोड़ कर कमरे में दाखिल हुए और आशीष को फंदे से नीचे उतारा। उसकी सांसें चलती महसूस कर वे उसे चिरगांव अस्पताल लेकर भागे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पिता ने आरोप लगाया कि बेटे की गांव के एक युवक से रंजिश चल रही है। एक साल पहले युवक का आशीष की पत्नी प्रियंका से झगड़ा हो गया था। युवक ने आशीष और प्रियंका के साथ मारपीट कर दी थी। घर में आकर तोड़फोड़ भी की थी। इसका मुकदमा भी चल रहा है। होली की शाम वही युवक आशीष को अपने साथ पार्टी मनाने कार से ले गया था। इस दौरान उक्त युवक ने बेटे से कोई ऐसी बात कही जिसे वह सह नहीं पाया और घर आकर फांसी लगा ली।