झांसी। घर में विवाह की खुशियों पर उस समय सन्नाटा पसर गया जब सात फेरे लेकर दुल्हा-दुल्हन ने जिंदगी भर साथ निभाने की कसमें खा लीं तभी विदाई के दौरान अचानक दूल्हा गिर गया तो दुल्हन सारी कसमें वादे भूल गई और दूल्हे के साथ जाने से इंकार कर दिया। इससे दोनों पक्षों के लोग हतप्रभ रह गए और मामला थाने पहुंच गया।

झांसी जिले के शहर कोतवाली अंतर्गत अलीगोल खिड़की निवासी युवती की शादी प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले राजकुमार से तय हुई थी। दुल्हन के भाई के अनुसार दो माह पहले उनकी सगाई हुई थी और शादी की तारीख 11 मार्च निकली थी। 11 मार्च को दूल्हा बारात लेकर समारोह स्थल पहुंचा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शादी की सारी रस्में हंसी खुशी से हुई। इसके बाद विदाई की रस्म चल रही थी। परिजनों से मिल कर दुल्हन को कार में बैठा दिया और दूल्हा कार में बैठने जा ही रहा था कि तभी अचानक वह गिर गया। इससे पहले कोई कुछ समझता वह अकड़ने लगा और कपड़े फाड़ने लगा। यह देख कर उसके घरवालों ने चप्पल सुंघाई तो वो ठीक हो गया। इसके बाद उसे उपचार हेतु ले जाया गया।जब दुल्हन ने यह सब देखा तो उसने ससुराल जाने से इंकार कर दिया।

दुल्हन के भाई का आरोप है कि उसकी बहन ससुराल जाने से इंकार कर रही थी लेकिन ससुराल वाले उसे अपने साथ ले जाने पर अड़ गए। कार से बहन को नीचे नहीं उतरने दे रहे थे। यह देख वह कार के आगे खड़े हो गए और विरोध किया। बड़ी मुश्किल से उन्होंने बहन को नीचे उतारा। इसके बाद वे लोग कोतवाली थाने चले गए। हम भी थाने में शिकायत देकर आए हैं। लड़के को मिर्गी आती है। इसके बारे में पहले उसके घरवालों ने जानकारी नहीं दी। अब हम अपनी बहन की शादी उससे नहीं करना चाहते। जबकि वर पक्ष के लोग बहू को विदा कराने की मांग कर रहे हैं।