झांसी। लगातार घटित हो रही अग्नि दुर्घटनाओं के दृष्टिगत जनपद झांसी अग्निशमन एवं आपात सेवा द्वारा आमजन की सुरक्षा हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं, जिससे आग की घटनाओं की रोकथाम एवं संभावित क्षति को न्यूनतम किया जा सके।
अधिकांश अग्नि दुर्घटनाएं विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण होती हैं। अतः सभी नागरिक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में मानक क्षमता के विद्युत तारों का उपयोग करें तथा समय-समय पर अधिकृत विद्युत अभियंता से विद्युत लोड एवं वायरिंग की जांच कराते रहें। विशेष रूप से पुराने भवनों में नियमित रूप से लोड परीक्षण कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि पुरानी वायरिंग पर अधिक भार पड़ने से आग की स्थिति उत्पन्न न हो।
सभी बहुमंजिला भवनों, जैसे अस्पताल, मॉल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही इन उपकरणों के संचालन हेतु प्रशिक्षित कर्मचारियों की निरंतर उपस्थिति अनिवार्य की जाए, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर आग पर शीघ्र नियंत्रण पाया जा सके तथा जन-धन की हानि को रोका जा सके।
औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, अस्पतालों एवं होटलों में स्थापित अग्निशमन उपकरण जैसे फायर पंप, होज रील एवं फायर एक्सटिंग्यूशर सदैव क्रियाशील अवस्था में रखें तथा इनकी नियमित (कम से कम सप्ताह में एक बार) जांच करते रहें। जिन भवनों में एनबीसी मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्थाएं स्थापित नहीं हैं, वहां योग्य फर्म/फायर इंजीनियर के माध्यम से मानकों के अनुसार स्थापना कराना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है।
03 मई को फायर सर्विस टीम द्वारा जिला अस्पताल, झांसी में अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव एवं आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के संबंध में अस्पताल के कर्मचारियों तथा उपस्थित आमजन को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल अग्निशमन सेवा से संपर्क करें:
झांसी सदर: 101, 9454418431/32
सीपरी बाजार: 101, 7839861598
मोठ: 101, 9454418433/34
समथर: 101, 7839865368
गरौठा: 101, 9454418435/36
मऊरानीपुर: 101, 7839861599














