– सांसद अनुराग शर्मा व विधायक रवि शर्मा ने दिखाई हरी झंडी 

Jhansi. वीरांगना लक्ष्मीबाई की नगरी में झांसी स्टेशन पर बुंदेली कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों व भारी जन समूह के बीच सांसद झांसी – ललितपुर अनुराग शर्मा, विधायक रवि शर्मा ने शनिवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर  देश की 11 वीं वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष सहित वरिष्ठ अधिकारीगण व स्टाफ उपस्थित रहा।

भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां से 02071 रानी कमलापति-हजरत निज़ामुद्दीन नई दिल्ली वन्दे भारत एक्सप्रेस भोपाल, विदिशा, बीना होते हुए ललितपुर पहुंची। रेलवे द्वारा जारी की गई समय सारिणी के मुताबिक यहां गाड़ी को शाम 5.55 बजे पहुंचना था, लेकिन गाड़ी 1.24 घंटे की देरी के साथ 7.19 बजे ललितपुर पहुंची। गाड़ी के पहुंचते ही ढोल बजने लगे। यहां से चलकर गाड़ी बबीना पहुंची। बबीना स्टेशन पर गाड़ी एक मिनट खड़ी रही। यहां फूल बरसाकर लोगों ने गाड़ी का स्वागत किया। जबकि, ट्रेन रात 8.31 बजे डेढ़ घंटे की देरी के साथ झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर पहुंची। यहां प्लेटफार्म नंबर एक पर गाड़ी के स्वागत की व्यवस्था की गई थी। यहां लोग गाड़ी के पहुंचने के लगभग दो घंटे पहले से जमा थे। गाड़ी के आते ही लोग स्वागत के लिए लोग दौड़ पड़े। बुंदेली कलाकारों की राई नृत्य की प्रस्तुतियों के बीच स्कूली बच्चे आर्केस्ट्रा बजाते नजर आए तो बुंदेली कलाकारों ने राई नृत्य कर गाड़ी का स्वागत किया।

इस दौरान सांसद व विधायक द्वय ने मीडिया को बताया कि झांसी मंडल को पहली वन्दे भारत एक्सप्रेस रेल सेवा की सौगात प्राप्त हो रही है, इस ठहराव से न सिर्फ इस क्षेत्र की जनता सीधे मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और देश की राजधानी दिल्ली से तेज गति के साथ जुड़ सकेगी बल्कि इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में भी यह ठहराव निश्चित रूप से अहम् भूमिका निभाएगा |

मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष ने कहा कि भारतीय रेल सदैव ही आधुनिकतम सुविधायें प्रदान करने हेतु प्रयासरत है, साथ ही सुखमय यात्रा एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है I झाँसी मंडल, भारतीय रेल के महत्वपपूर्ण अंग के रूप में अपने सभी सम्मानित रेल उपयोगकर्ताओं की सेवा में निरन्तर तत्पर है। मंडल द्वारा निरंतर यात्री सुविधाओं की बढ़ोतरी तथा उच्चीकरण किया जा रहा हैI

शुभारंभ अवसर पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर बुन्देली नृत्य के साथ विशाल जनसमूह ने गर्मजोशी के साथ 02071 रानी कमलापति-हजरत निज़ामुद्दीन नई दिल्ली वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की आगवानी की। इस ट्रेन में झांसी स्टेशन से सांसद अनुराग शर्मा व उनकी पत्नी एवं मीडिया कर्मी सहित विविध वर्गों के लोग सवार थे। इस ट्रेन में सीनियर डीसीएम शशिकांत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने तेज रफ्तार ट्रेन का आनन्द लिया। बीना से सवार हुए झांसी के स्कूली बच्चों का जत्था झांसी में उतरा। उन्होंने यात्रा के संस्मरण सुनाते हुए प्रसन्नता जताई।

ललितपुर व बबीना में भी हुई आगवानी 

ललितपुर स्टेशन पर वंदे भारत का स्वागत राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, विधायक रामरतन कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, नगर पालिकाध्यक्ष रजनी साहू समेत सोनू चौबे, प्रदीप चौबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र गोस्वामी, डॉ.दीपक चौबे, देवेंद्र गुरू, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी, रामेश्वर सड़ैया, गौरव चौधरी, वंशीधर श्रीवास, गंधर्व सिंह लोधी, राजेश लिटौरिया, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नीतेश संज्ञा, अमित संज्ञा, स्टेशन अधीक्षक डीके चतुर्वेदी, उपस्टेशन अधीक्षक गोल्डी पुरोहित, एलएन तिवारी, श्रेयांश जैन, एसडी तिवारी, एसके गौतम आदि ने किया।

बबीना में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, मंडल अध्यक्ष पलविंदर नंदा, मीडिया प्रभारी सोनू सिकरवार, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता, राजकुमार भदोरिया आदि ने आगवानी की।

अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित

देश का गौरव साबित हो रही वन्दे भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, इसके प्रमुख फीचर्स में निम्न सम्मिलित है |
• स्वदेश में निर्मित सेमी-हाई स्पीड सेल्फ प्रोपेल्ड ट्रेन |
• देश की ग्यारहवी सेमी हाई स्पीड ट्रेन, जिसकी रफ़्तार 160 किमी प्रति घंटा है |
• 160 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार प्राप्त करने में सिर्फ 129 सेकंड लेती है |
• दिव्यान्ग्जनों के अनुकूल वाशरूम, सीट हैंडल तथा ब्रेल लिपि युक्त सीट नंबर |
• स्लाइडिंग फूट स्टेप्स के साथ स्वचालित दरवाजे |
• एक सामान हवा वितरण के लिए विशेष एयर कंडीश सिस्टम |
• औसत 11 घंटे का सफ़र घटकर 7 घंटे 30 मिनट का होगा |
• कवच (टक्कर-रोधी प्रणाली) एवं आग नियंत्रण प्रणाली से युक्त |
• टच फ्री सुविधाओं के साथ बायो वैक्यूम शौचालय |
• 180 डिग्री घूमने वाली सीटें |
• प्रत्येक कोच में 32 इंच यात्री सूचना एवं इन्फोटेनमेन्ट सिस्टम |
• प्रत्येक कोच में 04 इमरजेंसी लाइट व्यवस्था |
• आपातकालीन टॉक-बेक यूनिट |