उरई। पुलिस लाइन ग्राउंड, उरई में खेले गए अंडर-16 इंटर डिस्ट्रिक्ट सिलेक्शन मैच में इटावा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जालौन को 158 रन से करारी शिकस्त दी। मुकाबले में इटावा के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दबदबा बनाए रखा।
मैच का शुभारंभ डीसीए उपाध्यक्ष एवं कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, डीसीए उपाध्यक्ष सुरेश निरंजन भईया जी और वरिष्ठ सदस्य उदयवीर सिंह ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इटावा ने निर्धारित 45 ओवर में 276 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदर्श खान (51 रन), अभिषेक सिंह (52 रन) और अंकित (52 रन) ने शानदार अर्धशतक लगाए। अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालौन की टीम इटावा की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 22.4 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। जालौन की ओर से सिद्धांत (30 रन) और अभय यादव (23 रन) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
इटावा के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर जालौन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ इटावा ने मैच पर पूरी तरह अपना कब्जा जमाते हुए 158 रन से शानदार विजय दर्ज की।
मैच के समापन पर एक दुखद सूचना प्राप्त हुई, जिसमें सड़क दुर्घटना में पुलिस के चार कर्मियों के निधन की खबर से माहौल शोकाकुल हो गया। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों एवं डीसीए पदाधिकारियों ने ग्राउंड पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर डीसीए उपाध्यक्ष विनोद चतुर्वेदी, सुरेश निरंजन भईया जी, वरिष्ठ सदस्य उदयवीर सिंह, सचिव विकास कुमार शर्मा, कमल सैनी, ओमवीर, आदर्श, सागर और प्रशांत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।














