झांसी। बुन्देलखंड में झांसी जिले की चिरगांव नगर पालिका पर चेयरमैन को लेकर अब चुनाव नहीं होगा, क्योंकि चेयरमैन के पद पर राघवेन्द्र सिंह उर्फ संजले राजा को भाजपा प्रत्याशी के रूप में र्निविरोध निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। हालांकि अभी इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस सबका श्रेय किसी और को नहीं बल्कि बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा को जाता है। कुशल रणनीतिकार राजीव सिंह पारीछा के प्रयासों से ही झांसी मेयर पद पर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य के मार्ग में अवरोध बनी किरन राजू बुकसेलर ने भी बगावत समाप्त कर नाम वापस ले लिया। राजीव के इन प्रयासों से भाजपा में उनका कद बढ़ गया है।

गौरतलब है कि निकाय चुनाव के प्रथम चरण में होने वाले मतदान को लेकर घोषित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को नामांकन वापसी का दिन था। झांसी की चिरगांव नगर पालिका से चेयरमैन के पद के लिए भाजपा से प्रत्याशी राघवेन्द्र सिंह उर्फ संजले राजा ने नामांकन किया था। राघवेन्द्र हाल ही में सपा छोड़ कर भाजपा के पाले में आए थे।

विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा की कुशल रणनीति के चक्रव्यूह के चलते भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सपा और बसपा समेत अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन के वापसी वाले दिन अपने-अपने पर्चे वापस ले लिए हैं। जिस कारण संजले राजा को अब र्निविरोध चुन लिया गया है। जिसकी जानकारी होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है और सभी विधायक राजीव सिंह पारीछा के कायल हो गए हैं।