मन की बात” कार्यक्रम के 100वें एपिसोड की पूर्व संध्या पर सांसद ने पत्रकारों से की चर्चा 

झांसी I झांसी – ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सही मायने में राष्ट्र निर्माण के साथ साथ चरित्र निर्माण का एपिसोड है और इसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं क्योंकि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी देश की जनता के साथ जुडकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करते हैं और सुदूर क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाकर उनकी उपलब्धियों को बता कर प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने बताया कि ‘सेल्फी विद डॉटर’ अभियान के माध्यम से बालिकाओं की गरिमा को बढ़ावा देने का अभियान हो, #StatueCleaning अभियान के माध्यम से हमारे नायकों को श्रद्धांजलि देना या ‘फिटइंडिया’ अभियान के माध्यम से फिटनेस के बढ़ावा देना, सभी का उद्देश्य चरित्र निर्माण था। चाहे कोविड 19 महामारी का कठिन समय हो या देश के सामने कोई अन्य त्रासदी, प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा ऐसे समय में आशा की किरण दिखाई है। उनके भरोसा देने वाले शब्द नागरिकों के लिए उत्साहजनक और सुकून देने वाले रहे हैं।

29 अप्रैल को महारानी लक्ष्मीबाई पैरामेडिकल कॉलेज झांसी के ऑडिटोरियम में  “मन की बात” कार्यक्रम के 100वें संस्करण के प्रसारण को लेकर कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर सांसद अनुराग शर्मा ने अपने निवास मंगलम पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया कि मन की बात कार्यक्रम का पहला प्रसारण 3 अक्तूबर 2014 को किया गया। यह कार्यक्रम 52 भाषाओं एवं बोलियों जिनमें 11 विदेशी भाषाएं शामिल हैं, में प्रसारित होती हैं। ‘मन की बात’ को देश के 100 करोड़ लोग कम से कम एक बार सुन चुके हैं। 23 करोड़ लोग नियमित रूप से ‘मन की बात’ को सुनते हैं। IIM रोहतक ने ‘मन की बात’ को लेकर एक स्टडी की है। यह स्टडी प्रसार भारती ने कराई है। इस स्टडी में सामने आया कि 17.6% लोग मन की बात को रेडियो पर सुनते हैं। 44.7% लोग TV और 37.6% लोग मोबाइल पर सुनते हैं।

सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा “मन की बात” के 73वें संस्करण में झांसी की बेटी गुरलीन चावला का जिक्र करते हुए  कहा था कि बुंदेलखंड में स्ट्रॉबेरी की खेती को लेकर उत्साह बढ़ रहा है। इसमें झांसी की एक बेटी गुरलीन चावला ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। मई 2020 को प्रसारित हुए मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमन्त्री द्वारा ललितपुर के एक छोटे से गांव से निकले योग गुरु सोहन सिंह यादव जो चीन के साथ-साथ कई देशों में भारतीय योग संस्कृति का झंडा बुलंद कर रहे हैं, की सराहना की हैI यह हमारे क्षेत्र के लिए गर्व की बात हैI 92वें संस्करण में, ललितपुर के महरौनी ब्लॉक क्षेत्र के निवारी गांव में 4 एकड़ में बनाए गए अमृत सरोवर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात के दौरान सराहना की थी। उन्होंने बताया कि सरोवर के पास लगे 35 फीट ऊंचे तिरंगा को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान राजीव बाजपेई की कार्यप्रणाली को भी सराहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने संस्कृति, लोक परंपराओं, भाषा, लोगों की कहानियां और त्यौहार जो पहले मुख्यधारा में शामिल नहीं थे उनसे अवगत करवाने के लिए प्रभावी ढंग से इस मंच का उपयोग किया है। उन्होंने उन लोगों और उन क्षेत्रों को शामिल किया, जो भारत गाथा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने देश के सुदूर स्थानों की हमारी संस्कृति, कहानियों और परंपराओं के बारे में बात की। उन्होंने सफलतापूर्वक विभिन्न पीढ़ियों के बीच एक पुल बनाया है और उन सभी को एक मंच पर लाने का प्रयास किया। मन की बात के माध्यम से प्रसारित बातचीत और विचारों ने राष्ट्रीय पुनरुत्थान के अलावा कई सामाजिक अभियानों को गति दी है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से आज 95 प्रतिशत खिलौना उद्योग घरेलू उद्योग बन गया है। घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिला है। जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है। ‘अमृत सरोवरों’ का निर्माण कार्य इसका एक जीता-जागता उदाहरण हैं। पर्यावरण संरक्षण एक आंदोलन बना है। स्वच्छता अभियान सफल हुआ है।

उन्होंने बताया कि कोरोना प्रबंधन में सहायता मिली है। टीकाकरण अभियान एक जनआंदोलन बना देश में रिकॉर्ड टीकाकरण संभव हुआ। कठिन परिस्थितियों में भी देश का मनोबल बना रहा है। कोरोना काल में ऑक्सीजन पहुंचाने जैसे सराहनीय कार्य के लिए प्रधानमंत्री ने ट्रक ड्राईवर एवं पायलट से इस कार्यक्रम के माध्यम से बात कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा देश के सामने सराहनीय कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन किया। ‘हर घर तिरंगा अभियान’, सामूहिक भागीदारी एवं राष्ट्रव्यापी उत्सव में परिवर्तित हुआ। इस कार्यक्रम से प्रधानमंत्री के संवेदनशील, दूरदर्शी एवं सशक्त जननेता की छवि जन-जन तक पहुंची है। मन की बात नागरिकों के व्यवहार, विचार एवं मनोस्थिति को सकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि 30 अप्रैल को महारानी लक्ष्मीबाई पैरामेडिकल कॉलेज झांसी के ऑडिटोरियम सहित अन्य स्थानों पर “मन की बात” कार्यक्रम के 100वें संस्करण के प्रसारण को वृहद रूप से भारी संख्या में एकत्रित होकर सुनेंगें I