जमीन की पुरानी रंजिश में 10 वर्ष पूर्व हुई दो हत्याओं के बदले हुआ लोमहर्षक काण्ड 

मुरैना मप्र। जमीन की पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार सुबह अंधाधुंध फायरिंग से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का सिहोनियां थाना क्षेत्र का लेपा भिडोसा गांव दहल गया। चुन-चुन कर गोलियां मारकर 6 लोगों की हत्या कर दी गई है। मरने वालों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं जबकि दो जिंदगी के लिए मौत से जूझ रहे हैं। यह घटनाक्रम दो परिवारों के बीच चली आ रही कई सालों से पुरानी रंजिश के बदले की भावना से हुआ है। घटना के बाद से गांव में तनाव व मातम का माहौल है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुरैना के सिंहोनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लेपा भिडोसा गांव में धीर सिंह और गजेंद्र सिंह के परिवार के बीच विवाद चला रहा था। धीर सिंह के परिवार के 2 लोगों की वर्ष 2013 में हत्या कर दी गई थी और हत्या का आरोप गजेंद्र सिंह के परिवार पर लगा था। यह मामला कोर्ट में चला, इसके बाद दोनों परिवारों में सामाजिक तौर पर समझौता हो गया था। समझौता होने के बाद गजेंद्र सिंह पक्ष के लोग गांव में रहने के लिए पहुंचे थे।

पहले चली लाठियां फिर एक के बाद एक गोली

शुक्रवार सुबह धीर सिंह पक्ष के लोगों ने किसी बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए गजेंद्र सिंह पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। पहले दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी-डंडे चले। इसके बाद धीर सिंह पक्ष के श्यामू और अजीत ने मिलकर गजेंद्र सिंह और उसके परिवार पर गोलियां चलाना शुरू कर दी। इस दौरान एक महिला इशारे से जिसे बता रही थी एक युवक उस पर निशाना साध कर गोलियां चलाईं जा रही थीं। इस दौरान मौके पर ही 6 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई जबकि दो की हालत मरणासन्न है।

गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती, तनाव 

घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल गांव में पहुंच गया, किंतु तब तक हत्यारे बीहड़ों में भाग कर छिप गए। एएसपी रायसिंह नरवरिया ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया है कि इस गोलीबारी में 6 की मौत की पुष्टि हो गई है। कुछ लोग घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। मृतकों के शवोंं को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। केस दर्ज कर लिया गया है। गांव में पुलिसबल की तैनाती की गई है। मामले में जांच जारी है।

गोलियां चलाने व हो हल्ला का वीडियो वायरल 

वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के लोगों को लाठी-डंडे से पीट रहे हैं। इस झगड़े में घर की महिलाएं भी शामिल थीं। जब लाठियों से दोनों पक्ष आपस में लड़ रहे होते हैं तभी एक आरोपी बंदूक लेकर आता है औऱ निशाना साधकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगता है। वह निशाना साधने के बाद कई लोगों पर गोलियों से हमला करता है। जिसके बाद लगातार लोग गिरते जाते हैं।

जिस वक्त दोनों पक्षों में लड़ाई हो रही है हर तरफ हो हल्ला मचा हुआ है। लोग चिल्ला रहे हैं, चीख रहे हैं। दो पक्षों की लड़ाई में महिलाएं भी शामिल हैं। महिलाएं भी हमला करते दिखाई दे रही हैं। वीडियो में एक महिला को चिल्लाते हुए सुना जा सकता है। वह महिला कह रही है बच्चे घर के भीतर चले जाएं। वहीं एक बच्चे को सुना जा सकता है जो पापा-पापा चिल्ला रहा है। मौत का यह तांडव काफी देर तक चलता रहा। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है।