झांसी। जिले के गरौठा विधानसभा क्षेत्र के सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की सात महीने 10 दिन बाद शनिवार की शाम झांसी जिला कारागार से जमानत पर रिहाई हो गई। दीपनारायण को कुख्यात लेखराज सिंह यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने 26 सितंबर 2022 को गिरफ्तार किया था।

गौरतलब है कि उक्त मामले में सपा नेता दीपनारायण पर झांसी, जालौन और कन्नौज में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज किए किए गए थे। पूर्व विधायक पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की थी। इसके अलावा उनकी पांच सौ करोड़ से अधिक की संपत्ति भी पुलिस ने जब्त कर ली थी। झांसी जेल में निरूद्ध दीपनारायण से मिलने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आने के बाद बड़ी दुश्वारियां चर्चाओं में रहीं थीं। सभी मामलों में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद शनिवार को पूर्व विधायक को जेल से रिहा कर दिया गया।

बताते चलें कि पूर्व विधायक दीपनारायण पर 30 जुलाई 2022 को विजिलेंस थाने में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज हुंआ था। जिसमें बताया गया था कि विधायक रहते हुए उनकी 14 करोड़ 30 लाख 31444 रुपए की आय हुई। लेकिन इस अवधि में उनका खर्च 37 करोड़ 32 लाख 55844 रुपए हुआ। 16 सितंबर 2022 को कुख्यात अपराधी लेखराज यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने का मामला दर्ज हुआ था। जिसमें पूर्व विधायक दीपनारायण, विष्णु राय समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।