झांसी। बुंदेलखंड के ऐतिहासिक झांसी के किले को साक्षी बनाकर मुक्ताकाशी मंच पर शुक्रवार को आयोजित समारोह में झांसी महानगर की सरकार ने आकार ले लिया। उत्साहपूर्ण वातावरण में झांसी महानगर में नवनिर्वाचित मेयर और 60 वार्डों के पार्षदों ने शपथ ग्रहण की।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त आदर्श सिंह ने नवनिर्वाचित मेयर बिहारी लाल आर्य को शपथ दिलायी। इसके बाद मेयर ने 60 वार्डों के नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण के बाद सभी ने अपने अपने शपथ पत्र हस्ताक्षर कर नगर आयुक्त पुलकित गर्ग को सौंपे। शपथ ग्रहण के बाद महापौर को गाउन पहना कर गदा भेंट की गयी और इस बीच गायत्री परिवार से आये सदस्यों ने गायत्रीमंत्र का मंत्रोच्चार किया।

इस दौरान मंच पर मंडलायुक्त के साथ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, नगर आयुक्त पुलकित गर्ग के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री हरगोविंद कुशवाहा, एमएलसी शिक्षक डाॅ़ बाबूलाल तिवारी, एमएलसी रमा निरंजन, सांसद अनुराग शर्मा, सदर विधायक रवि शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, पूर्व महापौर रामतीर्थ सिंघल, भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, पूर्व मंत्री रविंद्र शुक्ला आदि ने महापौर को पुष्पगुच्छ दे स्वागत किया। संचालन नीति शास्त्री ने किया।

इस दौरान मुक्ताकाशी मंच का मैदान पूरी तरह से भरा हुआ था। पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था कराई गई थी। लेकिन नव निर्वाचित झांसी की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह देखने झांसी की हजारों की जनता उमड़ पड़ी।

मीडिया से रूबरू हुए मेयर बिहारी लाल 
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से रूबरू महापौर श्री आर्य ने कहा “ यह जीत मेरी नहीं बल्कि यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीत है, भारतीय जनता पार्टी के आम कार्यकर्ता की जीत है, महानगर की महान जनता की जीत है। उन्होंने वायदा किया कि जो जिम्मेदारी दी गयी है उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे और झांसी के ऐतिहासिक विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। महानगर के विकास में जो भी जरूरी होगा वह करेंगे।” 

उन्होंने कहा “भारतीय जनता पार्टी जो भी संकल्प लेती है उसे पूरा करती है। वह झांसी की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि इस बार भी जो जो संकल्प लिये गये हैं सभी पूरे किये जायेंगे। नगर निगम की जमीनों से कब्जे हटाए जाएंगे, पेयजल,जलभराव,सड़क, पार्कों या संर्पक मार्ग की जो भी समस्या हैं, उन सभी समस्याओं का समाधान करेंगे। लोगों की बड़ी परेशानी जल कर और गृह कर की समस्या का भी निदान किया जायेगा और इसे कम किया जायेगा।”