ऑन लाइन सट्टे के सिंडिकेट में सिपाही समेत आधा दर्जन से अधिक नामजद, दो युवतियां गिरफ्तार
सिंडिकेट में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय का नाम उजागर
झांसी। ऑन लाइन आईपीएल सट्टे में सौ करोड़ के ट्रांजेक्शन के मामले में गिरफ्तार भाजपा नेता आशीष उपाध्याय की मुश्किल और बढ़ गई हैं। झांसी पुलिस ने गुरुवार रात सीपरी बाजार क्षेत्र में रायल सिटी में एल आई जी बिल्डिंग में तीसरे माले पर फ्लैट नंबर LS-9 में मारे गए छापे में एक और बड़ा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया। इस सिंडिकेट में भी गिरफ्तार भाजपा नेता आशीष उपाध्याय का गठजोड़ उजागर हुआ है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एक करोड़ 55 लाख रुपए कीमत के सोने के बिस्किट, 11 लाख रुपए कीमत के चांदी के जेवरात और करीब 18 लाख रुपए आदि बरामद कर लिए हैं। इस सट्टा गिरोह में उत्तर प्रदेश के जिला झांसी में पूर्व में स्वाट टीम में तैनात रहे सिपाही समेत सट्टा माफिया नगरा निवासी सुमित साहू तथा आधा दर्जन से अधिक को भी आरोपी बनाया गया है जो फरार है।
ऑन लाइन क्रिकेट के सट्टे के खिलाफ झांसी पुलिस की चल रही रोड तोड़ अभियान अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी पुलिस ने भाजपा नेता आशीष उपाध्याय और शुभम साहू का एक करोड़ का ट्रांजेक्शन का मामला पकड़ा ही था। कि देर रात पुलिस की संयुक्त टीमों ने रॉयल सिटी के एलआईजी बिल्डिंग में तीसरी माले पर छापेमारी की। इस दौरान आज सुबह दो युवतियों को गिरफ्तार कर एक करोड़ 55 लाख के सोने के बिस्किट, 11 लाख के चांदी के जेवरात ओर करीब 18 लाख की नकदी बरामद कर ली। युवतियों के बयानों पर इस सट्टा गिरोह में उत्तर प्रदेश के जिला झांसी में पूर्व में स्वाट टीम में तैनात रहे सिपाही रजत समेत सट्टा माफिया नगरा निवासी सुमित साहू, ग्वालियर रोड निवासी आशीष उपाध्याय, सीपरी बाजार निवासी विशेष भार्गव, नगरा निवासी प्रभात अग्रवाल तथा 2-3 अन्य को आरोपी बनाया गया है।
झांसी में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में ऑन लाइन सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ताबड़तोड़ अभियान के तहत गुरुवार देर रात स्वाट, चिरगांव थाना, सीपरी थाना, नवाबाद थाना, शहर कोतवाली पुलिस ने महिला पुलिस के साथ वांछित चल रहे ऑन लाइन सट्टे के इनामिया आरोपी पप्पू यादव उर्फ चिकना, टप्पू पार्षद, तथा पार्षद पति पंकज राय की तलाश में सराफा बाजार सहित कई संभावित स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही थी।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सूचना पर देर रात सीपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी रोड स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में एल आई जी बिल्डिंग की घेराबंदी कर ली और आने जाने पर सख्ती से रोक लगा दी। पुलिस की इस कार्यवाही से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम ने तत्काल बिल्डिंग के तीसरे माले पर बने फ्लेट में दबिश दी। इस दौरान पुलिस टीम को एक कमरे में ऑन लाइन क्रिकेट के सट्टे से जुड़े अहम साक्ष्य मिले। इसके साथ ही एक ट्राली सूटकेस में भारी मात्रा में सोने के बिस्किट मिले। जिसकी कीमत बाजार में एक करोड़ 46 लाख रुपए, 11 लाख रुपए कीमत के चांदी के जेवरात व गड्डियों में करीब 18 लाख की नकदी मिली।
पुलिस टीम को रात भर की गई कार्रवाई के चलते पुलिस को तब एक और सफलता हासिल हुई जब शुक्रवार की सुबह पुलिस ने यशस्वी द्विवेदी निवासी छनियापुरा कोतवाली और निशा खान निवासी शास्त्री नगर प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह कारोबार नगरा निवासी सुमित साहू, बृजेश, प्रभात अग्रवाल, अंकित का है। इस कारोबार में स्वाट टीम में तैनात रहे सिपाही रजत भी शामिल है।
सोने के बिस्किट, चांदी के जेवरात, नगदी, लेपटॉप, 12 मोबाइल फोन बरामद
एसएसपी ने बताया कि इस सिंडिकेट में पकड़ी गई युवतियों के कब्जे से सट्टा में प्रयोग होने वाला लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, सट्टे से अर्जित पैसे से खरीदे गए एक करोड़ 46 लाख सोने के बिस्किट, 11 लाख के चांदी के जेवरात सहित 18 लाख की नकदी, एक रफ रजिस्टर जिसके आठ पृष्ठ पर कस्टमर आईडी व मोबाइल फोन नंबर अंकित है को बरामद कर लिया है।
क्रिकेट के सट्टे का धन सोना और जमीन, भवन खरीद में लगाया
रॉयल सिटी से पकड़े गए इस सट्टे के सिंडिकेट में शामिल सिपाही रजत और उसके सहयोगी क्रिकेट के सट्टे से अर्जित धन सर्वाधिक सोना, चांदी व जमीन , भवन खरीद में इन्वेस्ट किया गया था क्योंकि इनकी बाजार में कीमतें शिखर पर पहुंच रहीं थीं। पुलिस ने बरामद किए सोने के बिस्किट गिरोह से इसी पैसे से खरीदे थे।
सिपाही रजत सेवा से बर्खास्त
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मीडिया के समक्ष पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस सट्टे के सिंडिकेट में शामिल सिपाही रजत को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।













