#Jhansi #SSP Office के सामने किन्नरों का हंगामा, धरने पर बैठे

0
77

नवाबाद थाना के सामने भी तालियां बजाकर किया विरोध 

झांसी। झांसी में वर्चस्व को लेकर हुई लड़ाई किन्नरों के दो गुटों के बीच शुक्रवार को सड़क पर आ गई। किन्नरों के एक गुट ने विरोधी गुट पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पहले नवाबाद थाने के बाहर प्रदर्शन किया, फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं रिपोर्ट दर्ज न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दे डाली।

इस मामले में किन्नर गुरु बबली नायक के नेतृत्व में पहुंचे किन्नरों ने आरोप लगाया कि विरोधी गुट के लोग बाउंसरों के साथ शादी समारोह में पहुंचे और उन पर हॉकी-डंडों से हमला कर दिया। बबली नायक ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह शिवाजी नगर इलाके में एक शादी समारोह में बधाई मांगने गई थीं। आरोप है कि तभी विरोधी गुट के किन्नर कई बाउंसरों के साथ वहां पहुंच गए और हमला बोल दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा।

तमंचा अड़ाकर जान से मारने की कोशिश

उन्होंने दूसरी घटना रक्शा थाना क्षेत्र स्थित करौंदी माता मंदिर के पास की बताई गई। आइना किन्नर ने आरोप लगाया कि गुरुवार को विरोधी गुट के लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और माथे पर तमंचा अड़ाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने खेतों की तरफ भागकर अपनी जान बचाई।

पूरे शहर पर कब्जा चाहता है दबंग ग्रुप

बताया गया है कि किन्नरों को उनके गुरुओं ने बधाई मांगने के लिए अलग-अलग इलाके पहले से बांटे हैं। इनमें किन्नर गुरु राजू किन्नर को रक्सा और सीपरी बाजार का इलाका मिला, गुरु काजल को उन्नाव गेट और उसके आसपास के इलाके, किन्नर गुरु बबली नायक को मेडिकल कॉलेज, शिवाजी नगर, जीवनशाह, इलाइट, सिविल लाइन्स, किन्नर गुरु राधा नायक को नगरा, महावीरन, प्रेमनगर और मध्य प्रदेश का ओरछा मिला है। पांचवीं टोली की किन्नर गुरु क्लब नायक को पुलिया नम्बर नौ इलाका बधाई मांगने के लिए मिला। इन पांचों टोलियों के किन्नर गुरुओं ने आरोप लगाया कि छठा ग्रुप पूरे शहर पर अपना कब्जा चाहता है। इसलिए वह किसी दूसरी टोली को बधाई नहीं लेने दे रहा। बबली नायक ने बताया कि उनके गुरुओं ने सबको उनके इलाके बांटे थे। आज गुंडई के दम पर उनकी रोजी रोटी छीनी जा रही है। उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here