झांसी। जिले के उल्दन में बेटी के लव अफेयर्स से मां-बाप इतने आवेश में आ गए कि उन्होंने उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या को आत्महत्या में बदलने के लिए शवको फंदे पर लटका दिया था लेकिन, पाप छिपा नहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच्चाई उजागर हो गई। पुलिस ने जब परिजनों से सख्ती की तब उन्होंने सच्चाई उगल दी। पुलिस मां-बाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की तो सभी हतप्रभ रह गए।
उल्दन क्षेत्र निवासी आनंद अहिरवार की नाबालिग पुत्री का गांव के ही एक सजातीय युवक से प्रेम संबंध हो गया था और दोनों घर से छुपकर मिलने थे। यह प्रेम कहानी गांव में फैल गई। इस पर परिजनों को यह बात मालूम चल गई। आक्रोशित परिवार के लोगों ने लड़के के घर पहुंचकर एतराज जताया लेकिन, लड़के के घर वालों ने उन लोगों को डांट फटकार कर भगा दिया।

इसके बाद परिजनों ने लड़की को घर से बाहर निकालने पर पाबंदी लगाई। कुछ दिनों तक किशोरी घर पर रही लेकिन, उसके बाद दोनों का मिलना जुलना फिर शुरू हो गया। 24 मई को किशोरी उस युवक से मिलकर लौट रही थी। जैसे ही यह बात पिता आनंद को मालूम चली, उसने घर पहुंचकर किशोरी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उसने पत्नी के साथ मिलकर किशोरी का रस्सी से गला घोंट दिया। उसकी मौत से दोनों घबरा उठे और हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उन लोगों ने लड़की के शव को घर के भीतरी कमरे में फंदे से लटका दिया।

उन्होंने पुलिस को भी फांसी लगा कर आत्महत्या किए जाने की बात बताई। पुलिस ने जब मौके पर पहुचंकर जांच पड़ताल की तब भी उसे फांसी लगाए जाने की बात पर शक हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के गला दबाए जाने की पुष्टि हो गई। इसके बाद पुलिस ने पिता आनंद से कड़ाई से पूछताछ की। इसमें आनंद टूट गया और उसने हत्या करने की बात मान ली। इसके बाद पुलिस ने दूसरे अन्य सुबूत भी एकत्रित कर लिए। गुरुवार को दरोगा नागेश सिंह की तहरीर पर उल्दन थाने में पिता आनंद अहिरवार एवं मां रमा देवी के खिलाफ हत्या के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली कार्रवाई कर ली गई। बेटी की हत्या उसके जन्म देने वाले मां बाप द्वारा करने की घटना से सभी अवाक हैं।