गुरुवार को मोबाइल फोन पर काल आई और निकल गयी थी घर से, शुक्रवार को मिला शव
झांसी। जिले के उल्दन थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगरा के पठाकरका के माते खिरक और चौकरी के बीच सूखे नाले में लोक गायका लाड़ कुंवर जला शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। मृतका गुरुवार को घर से निकली थी फिर लौट कर नहीं आई। लोकगायका किन परिस्थितियों का शिकार हुई की जांच पड़ताल की जा रही है।
दरअसल, शुक्रवार को सुबह किसान जब अपने खेतों की ओर जा रहे थे तो रास्ते में उन्हें कुछ जलाये जाने के निशान मिले। जब किसान आगे बढे तो पठाकरका के माते खिरक और चौकरी के बीच सूखे नाले में बुरी तरह से जला एक महिला का क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया। महिला के शरीर से अलग हाथ-पैर जले पड़े थे। सूचना मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पडताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिये मऊरानीपुर भेज दिया। मृतका की पहचान लोक गायिका लाड़ कुंवर रूप में हुई। वह गुरुवार की सायं मोबाइल फोन पर बात करते-करते घर से निकल गयी थी, इसके बाद वापस नहीं लौटी थी।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीत सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी (टहरौली) आसमा वकार, उल्दन थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, सकरार थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिह, बरुआसागर थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह के अलावा बंगरा चौकी पुलिस व फोरेंन्सक टीम मौके पर पहुंची और गहन जांच पड़ताल व साक्ष्य संकलित किया।
बंगरा निवासी मोहनलाल कुशवाहा (हलवाई) ने मृतका की पहचान पायल, अँगूठी, साड़ी व चप्पल से लाड़ कुँवर कुशवाहा उर्फ लवली के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की शाम लगभग 7 बजे लाड़कुँवर के मोबाइल फोन पर एक कॉल आयी थी। फोन पर बात करते हुए वह घर से निकल गयी। इसके बाद वापस नहीं लौटी। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जब पठाकरका में महिला का जला शव मिलने की सूचना मिली तो वह लोग भी मौके पर पहुँचे और शव की पहचान लाडकुँवर के रूप में हुई। परिजनों का आरोप है कि लाड़ कुंवर को ले जाकर उसकी हत्या कर शव को जला दिया गया है। परिजनों के अनुसार लाडकुँवर बुन्देली लोकगीत गायिका थी। लोकगीत गायन के लिए वह अक्सर बाहर चली जाती थी।
खेत से मिली शराब, बियर की केन व नमकीन के पैकेट
सूखे नाले में जहाँ जला शव पड़ा मिला, वहाँ पास में एक खेत में शराब की बोतल, बियर की कैन व नमकीन के पैकेट पड़े थे। पास ही एक जला हुआ मोबाइल फोन पड़ा था। एक लाल रंग की साड़ी की टुकडा व दुपट्टा खेत के तारों में फंसा था। खेत में ही महिला के काले रंग की चप्पल मिली। सम्भावना जतायी जा रही है कि मृतका को कुछ लोग बाहर से लेकर आये व यहाँ खेत पर शराब पार्टी की उसके साथ कोई अनहोनी के बाद हत्या कर दी और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया।
हत्या के आरोप में 2 वर्ष जेल में बन्द रही थी मृतका
मृतका लाड़कुँवर पर बरुआसागर थाने में हत्या का मामला दर्ज है। लाडकुँवर के खिलाफ झांसी के सदर बाजार थानान्तर्गत सिमराहा निवासी लक्ष्मी राय ने 29 अक्टूबर 2022 को हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया था कि लाडकुँवर ने अपने साथियों के साथ उसके पति दिनेश राय की बरुआसागर संकरे पुल पर पानी में डुबोकर हत्या कर दी है। पुलिस ने जाँच के बाद लाडकुँवर के अलावा प्रमीद कुशवाहा निवासी बंगरा, राजकुमार कुशवाहा निवासी कटेरा को गिरप्तार कर जेल भेज दिया था। 2 साल जेल में रहने के बाद लाड़कुँवर जमानत पर बाहर आ गयी थी। बताया गया कि दिनेश राय का लाडकुँवर से प्रेम सम्बन्ध थे। फिलहाल इस कत्ल के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन कर दिया गया है।













