अवैध पेठा वेंडर्स गैंग की सक्रियता पर क्यों नहीं लग पा रहा अंकुश ?

झांसी। बंगलुरू-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में यात्रा कर रही महिला यात्रियों के साथ मंगलवार की रात छेड़छाड़ की घटना से यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लग गये हैं। कोच में अन्य यात्रियों ने जब विरोध किया तो यह सभी मनचले झांसी रेलवे स्टेशन पर उतरकर भाग गए। वहीं परिजनों की शिकायत के बाद भी रेलवे पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना में पेठा व अन्य सामग्री बेचने वाले अवैध वेंडर्स की संलिप्तता की चर्चा है।
दरअसल, बंगलुरू-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में सिंकदराबाद से झांसी के लिए एक पुरुष व तीन महिलाओं के चार टिकट बुक किए गए थे। पुरुष यात्री ने किन्हीं कारणों से यात्रा नहीं की, इस पर तीन महिलाएं बच्चों के साथ ट्रेन के बी-7 कोच की सीट नंबर 43, 45 व 46 पर यात्रा कर रहीं थीं। इसी दरम्यान रात में ट्रेन में कुछ युवकों ने महिलाओं के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्हें धमकाया भी गया। इस पर महिलाओं ने फोन से सूचना अपने परिजनों को दी। इस दौरान शोर सुनकर सहयात्री भी जाग गए और उन्होंने विरोध किया तो आरोपी मनचले रात साढ़े ग्यारह बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर गाड़ी से उतर कर भाग गए। सूत्रों का कहना है कि मनचले अवैध वेंडर्स थे जो गाड़ी में पेठा आदि बेच रहे थे। वहीं, महिलाओं के परिजनों का कहना है कि ट्वीट के जरिये घटना की सूचना रेल प्रशासन को दी गई थी। बावजूद, किसी तरह की मदद नहीं मिली। इस पर उन्होंने गहरा आक्रोश भी जताया।

झांसी -ग्वालियर लाइन पर जमकर हो रही पेठा आदि की अवैध वेंडिंग
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में झांसी – ग्वालियर के बीच में जमकर पेठा आदि की अवैध वेंडिंग हो रही है। अवैध वेंडर मौका पाकर आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में तमिलनाडु एक्सप्रेस में हुई लूट की घटना में भी वेंडर का नाम सामने आया था। जबकि, राजधानी एक्सप्रेस में हुई छेड़खानी की घटना का आरोप भी वेंडरों पर लगा है। बता दें कि अवैध वेंडर आईआरसीटीसी की फर्जी टी शर्ट या फर्जी मेडिकल या टोकन ले कर सक्रिय हैं, जिससे आम यात्री इन्हें पहचान नहीं पाते हैं।