9 सदस्य भाजपा एवं बसपा, आम आदमी पार्टी व निर्दलीय एक -एक सदस्य

झांसी। झांसी में नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव बिना किसी अवरोध प्रतिरोध के सम्पन्न हो गया है। इसका प्रमाण रहा कार्यकारिणी में सभी 12 पार्षद निर्विरोध सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इसमें 9 सदस्य भाजपा से हैं जबकि बसपा, आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकारी सदस्य बना है। इसके अलावा एक निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीता है।

दरअसल, नगर निगम में कार्यकारिणी चुनाव को लेकर कई दिनों की बैठकों व रणनीति के बावजूद चुनाव के पूर्व सुबह से ही पार्षदों में बैठक चलती रही। भाजपा व विपक्ष के पार्षदों ने एकजुट होकर निर्विरोध चुनाव की रणनीति बनाई । इस दौरान कुल 12 पदों के लिए 13 आवेदन आए थे। लेकिन बाद में महिला पार्षद ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इस तरह कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध घोषित हो गया। निर्वाचन अधिकारियों ने एकमत निर्विरोध सहमति बनने पर 12 सदस्यों को प्रमाण पत्र देकर निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य घोषित किया गया।

इन कार्यकारिणी सदस्यों में भारतीय जनता पार्टी से सुशीला दुबे, आशीष चौकसे, नरेंद्र नामदेव, कमलेश अहिरवार, प्रियंका साहू, मयंक श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार, रमा कुशवाहा, अमित राय निर्विरोध रहे वहीं महेश गौतम, विकास खत्री एवं आशीष रायकवार विपक्षी पार्षद निर्विरोध घोषित हुए। इस मौके पर मेयर बिहारी लाल आर्य सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों को पार्षदों ने बधाई दी।

इस मौके पर महापौर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि हम सब एकजुट होकर शहर के विकास पर कार्य करेंगे आगामी शहर के विकास से संबंधित जो भी मुद्दे होंगे और पार्षदों द्वारा प्रस्ताव रखे जाएंगे उन पर निश्चित तौर पर काम किया जाएगा महिला पार्षदों की समस्या पर विशेष ध्यान दिया जाएगा उनके द्वारा जो भी प्रस्ताव सदन में रखे जाएंगे उन प्रस्तावों पर तेजी से कार्य किया जाएगा। यही नहीं कई कार्य अधूरे पड़े हुए हैं उन्हें भी पूरा करने का काम किया जाएगा। हम सभी एक साथ मिलजुल कर काम करेंगे तभी शहर का विकास होगा और झांसी महानगर एक सुंदर नगर बनेगा। इस अवसर पर महारानी लक्ष्मीबाई अर्बन बैंक के सभापति मनु सिंह एवं उपसभापति सहित जिला अध्यक्ष मुकेश मिश्रा संतराम पेंटर गोकुल दुबे सहित भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेतागण व कार्यकर्ता गण मौजूद रहे।