आरपीएफ क्राइम विंग खुफिया शाखा ने परिजनों को सकुशल सौंपा
झांसी। सिविल पुलिस थाना पथरिया, जनपद विदिशा (मध्य प्रदेश) में दर्ज किडनेपिंग धारा 137 (2) के तहत लापता चल रही एक नाबालिग बालिका को रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) क्राइम विंग खुफिया शाखा झांसी ने झांसी स्टेशन से तलाश कर सकुशल परिजनों एवं संबंधित पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
दरअसल 17 वर्षीय अलफिया उर्फ रुबीना पुत्री अंसार खान निवासी ग्राम राजपुर थाना पथरिया जिला विदिशा (म.प्र.) 31 मार्च 26 से लापता थी। मामले में थाना पथरिया में अपहरण का मामला पंजीकृत किया गया था।
कैसे मिली बालिका
आरपीएफ क्राइम विंग खुफिया शाखा झांसी को सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त बालिका वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के आसपास देखी गई है। इस सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक तौसीफ खान तथा आरक्षक गुरमीत सिंह द्वारा स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर गहन तलाश की गई, लेकिन बालिका का पता नहीं चल सका।इसके बाद टीम द्वारा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, जहां एक संदिग्ध बालिका मिली। फोटो से मिलान करने पर वह लापता बालिका ही पाई गई।
आरपीएफ टीम ने बालिका से सहानुभूति-पूर्वक पूछताछ की तथा व्हाट्सऐप के माध्यम से उसका फोटो थाना पथरिया प्रभारी को भेजकर तस्दीक कराई गई, जिस पर पुलिस द्वारा उसकी पहचान की पुष्टि की गई। तत्पश्वात बालिका को सुरक्षित रूप से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी आरपीएफ पोस्ट लाया गया। बाद में थाना पथरिया प्रभारी एवं बालिका के पिता अंसार खान के आरपीएफ पोस्ट पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज एवं एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराई गई। सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में नाबालिग बालिका को सकुशल परिजनों एवं संबंधित पुलिस के सुपुर्द किया गया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने आरपीएफ की सराहना की।














