दीपक कुमार आजाद को प्रयागराज मंडल में सौंपी गई जिम्मेदारी
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल रेल सुरक्षा बल में प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पद पर नए अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार जितेंद्र कुमार शर्मा को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल, रायजिया (पूर्वोत्तर रेलवे) से स्थानांतरित कर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, झांसी मंडल (उत्तर मध्य रेलवे) बनाया गया है। गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश रहने वाले श्री शर्मा विज्ञान स्नातक (कंप्यूटर विज्ञान) से हैं, संघ लोक सेवा आयोग 2018 बैच के अधिकारी हैं। उनकी नियुक्ति को लेकर झांसी मंडल रेल सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंडल में सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
इसके साथ ही वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (Senior DSC) झांसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे में पदस्थ विवेकानंद नारायण का तबादला पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में कर दिया गया है।
इसी प्रकार उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के रूप में कार्यरत दीपक कुमार आजाद को अब उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद निवासी दीपक कुमार आजाद वर्ष 2016 बैच के संघ लोक सेवा आयोग चयनित रेल सुरक्षा बल अधिकारी हैं। उन्होंने कला स्नातक, विधि स्नातक एवं विधि स्नातकोत्तर तक की उच्च शिक्षा प्राप्त की है। अपने सेवा कार्यकाल में वे अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर चर्चित रहे हैं। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है।














