इंस्टाग्राम पर दोस्ती व रंगीन सपनों से बहकी ग्रामीण बालाएं 

झांसी। जिले के बरुआसागर व मप्र के भौंती की नावालिग लड़कियों से इंस्टाग्राम की मदद से दोस्ती करके उन्हें अपने प्रेम जाल में फंसा कर रफूचक्कर हुए दो युवकों को झांसी पुलिस ने पुणे के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो किशोरियों को बिकने के पहले बरामद कर लिया।

बरुआसागर थाना प्रभारी/ प्रशिक्षु आईपीएस अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि बरुआसागर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की की गुमशुदगी 29 जून को दर्ज की गई थी। जिसमें बताया गया था कि 22 वर्षीय लड़का कार्तिक अपने प्रेमजाल में फंसाकर नाबालिग लड़की को अपने साथ भगा ले गया है। इसके साथ ही समीपवर्ती मध्यप्रदेश के थाने में भी भौंती की एक नाबालिग लड़की की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। दोनों थानों की पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। जांच में पता चला कि मप्र के शिवपुरी जिले के थाना दिनारा के कार्तिक रजक एवं सनी ने इंस्टाग्राम के जरिये पहले इन दोनों लड़कियों से दोस्ती करके रंगीन दुनिया के सपने दिखाए और फिर प्रेम जाल में फंसा लिया। दोनों लड़कियों को झांसी में लाकर फर्जी शादी रचाई और अपने साथ लेकर चले गए।

प्रशिक्षु आईपीएस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के मोबाइल नंबरों को ट्रेस कराया तो उनकी लोकेशन पुणे में मिली। इसके बाद बरुआसागर थाना के उपनिरीक्षक चंदन सरोज, सिपाही लाल तिवारी, महिला कांस्टेबल कंचन को पूना भेजा गया। जहां रेलवे स्टेशन पुणे से दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया और उनके साथ मौजूद दोनों लड़कियों को बरामद कर लिया। प्रशिक्षु आईपीएस ने बताया कि आरोपी लगातार लोकेशन बदल रहे थे और लड़कियों को बेचने की फिराक में थे। वह अपने मंसूबे में कामयाब होते इससे पहले पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान थानाध्यक्ष अजमेर सिंह भदौरिया मौजूद रहे। लड़कियों के सकुशल मिल जाने पर उनके परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।