झांसी। झांसी रेल मंडल में झांसी में झांसी-दिल्ली रेल मार्ग पर गुरुवार की शाम लगभग पांच बजे एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई थी। शव दो हिस्सों में बंट गया था। इस घटनाक्रम का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि पूरी रात दो टुकड़ों में शव ट्रैक पर पड़ा रहा और ट्रेनें उसे रौंदती रहीं। इतना ही नहीं कुत्ते भी शव को नोंचते रहे थे। सूचना के बाद भी पुलिस ने शव को नहीं उठवाया। मीडिया की सुर्खियां बनने पर लगभग 15 घंटे बाद शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शव के टुकड़ों को उठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
दरअसल गुरुवार की सायं लगभग पांच बजे झांसी-दिल्ली मार्ग पर एफसीआई गोदाम के पास एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई थी। उसका शव दो हिस्सों में बंट गया था। घटना के बाद सूचना मिलने पर भी पुलिस या जीआरपी वहां नहीं पहुंची और ट्रैक पर पड़े शव को रात भर तीन दर्जन से अधिक ट्रेनें रौंदते हुए ट्रैक से गुजर गईं। इतना ही नहीं रात में कुत्तों ने भी शव को नोंचा, लेकिन शव की सुध लेने न तो जीआरपी पहुंची और न ही पुलिस।

मीडिया में आने पर शुक्रवार की सुबह आठ बजे सीपरी थाना पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक सफेद रंग की लाइनदार शर्ट और बादामी रंग की पेंट पहने हुए था। तलाशी में उसके पास ऐसी कोई भी सामग्री नही मिली, जिससे उसकी पहचान की जा सके।
उक्त व्यक्ति ने आत्महत्या की है या फिर वह हादसे का शिकार हुआ अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, शव के जिस तरह से दो टुकड़े हुए हैं, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने आत्महत्या की है। मृतक की शिनाख्त की कोशिश जारी है, लेकिन अब तक उसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है।