झांसी। जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदा निवासी बृजपाल अपनी पत्नी मुन्नी देवी के इलाज के लिए डाक्टर के पास गए हुए थे। वहां से वह शाम सात बजे बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान एरच रोड पर बृजपाल गुटखा लेने के लिए रुके। पति-पत्नी दोनों सड़क किनारे बाइक के पास खड़े हुए थे।

दुर्भाग्य से इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई एक बाइक ने उनमें टक्कर मार दी। इस घटना में मुन्नी देवी, बृजपाल और रोहित अहिरवार घायल हो गए। तीनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय लाया गया। हालत गंभीर होने पर मुन्नी देवी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान मुन्नी देवी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मच गया है।