झांसी। जिले में मोंठ क्षेत्र में शादी के बाद नवविवाहिता ने हंगामा करते हुए पति के साथ जाने से इंकार कर दिया। इस पर उसकी मां ने उसे पीट दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सभी को पुलिस थाने लेकर आई। परिजनों का कहना है कि विवाहिता की मानसिक स्थिति सही नहीं रहती। इस वजह से वह हंगामा करने लगी।
महाराष्ट्र निवासी किसान ने अपनी बेटी की शादी झांसी जिले में मोंठ के शाहजहांपुर निवासी युवक से बुधवार को गांव के एक मंदिर में की थी। शादी में महाराष्ट्र से मायके पक्ष से माता-पिता समेत आधा दर्जन लोग शामिल हुए। शादी के बाद लड़की की तबीयत खराब होने पर उसकी मां बृहस्पतिवार सुबह उसका उपचार कराने के लिए झांसी आ रही थी। जैसे ही यह लोग शाहपुर बस स्टैंड पहुंचे विवाहिता गाड़ी से उतर गई। वह बीच सड़क पर जाकर लेट गई। वह पति के साथ जाने से इंकार करने लगी। इस पर लड़की की मां ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इससे वहां तमाशबीनों की भीड़ एकत्रित हो गई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस सभी को लेकर थाने आई। लड़की के पिता का कहना है उसकी पुत्री का मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है। इस वजह से लड़की इस तरह का व्यवहार करने लगती है। उसका महाराष्ट्र में इलाज भी चल रहा है। बहू की इस स्थिति से लड़का पक्ष भी परेशान हैं।