झांसी। झांसी  न्यायालय परिसर में शुक्रवार को पिता की हत्या के मामले में गवाही देने पहुंचे गवाह को हत्यारोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर धमकाने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के घटनाक्रम का वीडियो बनाने को लेकर पुलिस और वकीलों के बीच नोकझोंक भी हुई। इससे यहां काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिया नंबर नौ निवासी सुमित रायकवार के पिता की हत्या कर दी गई थी। इसका आरोपी क्षेत्र का शुभम इस समय जमानत पर बाहर है। शुक्रवार को सुमित अपनी बहन के साथ मुकदमे में गवाही देने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान न्यायालय परिसर की गैलरी में हत्यारोपी शुभम ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया और गवाही न देने के लिए धमकाया। बावजूद, वह आगे बढ़ता रहा। इस पर सुमित को दूसरी बार धमकाया गया।

इसके बाद सुमित ने 112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। कुछ पुलिस कर्मचारी घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे। इस पर वकीलों ने आपत्ति जताई। इस पर पुलिस और वकीलों के बीच नोकझोंक हो गई। इस बीच पुलिस वादी और उसकी बहन को सुरक्षित बाहर ले आई। जबकि, आरोपी मौके से गायब हो गया। इस दरम्यान लगभग पौन घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।