झांसी। जिले के गुरसराय में पिता की शिकायत पर मौत के सही कारण की जानकारी के लिए दफन विवाहित पुत्री के शव को मृत्यु के 19 दिन बाद कब्र से निकाला गया है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। यह कार्यवाही जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।

जिले में गुरसरांय निवासी आशु खान की पत्नी शफ़ीना बानो (30) की 20 जुलाई को मौत हो गयी थी। मौत का कारण बीमारी बताया गया था। मृतका का मायका भी गुरसरांय में ही है। उस दिन ससुराल व मायके पक्ष ने सहमति से शव को दफन करा दिया था। इसके बाद मृतका के पिता अनीस अहमद ने थाने पर प्रार्थना पत्र देकर बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र को जिलाधिकारी के पास भेज दिया गया था, जिस पर अनुमति मिलने के बाद आज शव को अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद महिला की मौत का सही कारण उजागर होने की संभावना है।