झांसी। जिले के बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम लहर ठकुरपुरा के एक युवक का शव पड़ोस के बाड़े में फांसी पर लटका मिला। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिले में बबीना थानान्तर्गत ग्राम लहरठकुपुरा में 23 वर्षीय विशन सिंह राजपूत परिवार के साथ रहता है। परिजनों के अनुसार विशन सिंह की 4 वर्ष पहले शादी हुई थी। उसका लगभग डेढ़ वर्षीय बच्चा है। रात्रि में सभी खाना खाने के बाद सो गए। सुबह जब आंख खुली तो विशन सिंह गायब था। खोजबीन करने पर पड़ोस के बाड़े में वह फांसी के फंदे पर लटका दिखाई दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे। जिस कारण आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या हुई है। उसकी हत्या करने वाला कौन यह किसी को पता नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।