ड्यूटी पर मानवीय संवेदना निभाने वाले 400 कर्मियों को कर्म योगी सम्मान 

झांसी। इंडियन टिकट चेकिंग स्टाफ ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में दीनदयाल सभागार में कर्मयोगी सम्मान समारोह में विविध जोन व मंडल के चैकिंग स्टाफ के लगभग 400 कर्मियों को प्रधानमंत्री कर्मयोगी योजना के तहत सम्मानित किया गया। इनमें वह कर्मी थे जिन्होंने ड्यूटी के दौरान मानवीय संवेदना निभाते हुए बिछुड़े / खोए, घर से भागे बालक, बालिकाओं को परिवार से मिलाने में योगदान दिया, खोया सामान दिलवाया, यात्रा के दौरान बीमार व महिलाओं की डिलीवरी में सहायता की और नकली टीसी पकड़ कर यात्रियों को ठगी का शिकार होने से बचाया।

इस अवसर पर एडीआरएम आर डी मौर्य, सीनियर डीसीएम अमित आनंद, एपीओ शैलेंद्र श्रीवास्तव,  एनसीआरईएस के मंडल अध्यक्ष रामकुमार सिंह, मंडल सचिव भानु प्रताप सिंह चंदेल, एनआरएमयू के मंडल अध्यक्ष डीके खरे, मंडल सचिव अमर सिंह यादव, जेडआरयूसीसी सदस्य प्रदीप तिवारी, सीसी राय आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन यशवंत परिहार ने व आभार मीडिया प्रभारी उमर खान ने व्यक्त किया।

इस दौरान इंडियन टिकट चेकिंग स्टाफ ऑर्गेनाइजेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें उपस्थित जोन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस चुनाव की यह खूबी रही कि आर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर संजय सिंह पहले ही निर्विरोध निर्वाचित किये गये। उनके विरोध में कोई अन्य प्रत्याशी खड़ा नहीं हुआ। इस तरह राष्ट्रीय कार्यकारणी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर संजय सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री हेमंत सोनी और कोषाध्यक्ष एस सुमित्रा मुंशी, कार्यकारी अध्यक्ष एएल राव एवं लगभग 100 लोग निर्वाचित किए गए, जिसमे महिला पदाधिकारी भी चुनी गई।