खिलाड़ी के रूप में नजर आए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, स्टेडियम में स्टिक से गोल पोस्ट की ओर डाली बॉल
झांसी । मंगलवार को झांसी का मेजर ध्यानचंद स्टेडियम उस समय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चक दे इण्डिया … गाने के बीच निराले अंदाज में हॉकी में हाथ आजमाए।
मुख्यमंत्री योगी हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर झांसी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने आए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्टेडियम में जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों व अधिकारियों के साथ पहुंचे थे। स्टेडियम में मौजूद भीड़ मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उत्साहित हो गई। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने स्टेडियम पर पहुंचकर हाथ में स्टिक उठाई और एक खिलाड़ी की तरह गोल पोस्ट कर दिया। मुख्यमंत्री का अलग अंदाज दर्शकों समेत खिलाड़ियों ने बहुत पसंद किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मुख्यमंत्री को हाथों में स्टिक उठाए देखा जा सकता है। हॉकी की स्टिक से उन्होंने बॉल को गोल पोस्ट की ओर दाग दिया। मुख्यमंत्री का अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। गौरतलब है कि मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हर साल भारत में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में झांसी में स्टेडियम में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।









