आसरा द्वारा ज्ञापन देकर स्पा व मसाज सेंटर्स की जांच कर कार्रवाई की मांग
झांसी। आसरा एनजीओ ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन देते हुए आरोप लगाया कि जनपद झांसी के विभिन्न शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं रिहायशी मोहल्लों में बड़ी संख्या में स्पा एवं मसाज सेंटर संचालित हो रहे हैं। इन सेंटरों की आड़ में अनैतिक देह व्यापार, अश्लीलता फैलाने तथा युवाओं को गुमराह करने जैसी गतिविधियों के संचालित होने की शिकायतें लगातार आम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि इन तथाकथित स्पा सेंटरों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेबसाइटों एवं मोबाइल एप्लीकेशनों पर अश्लील एवं भ्रामक विज्ञापन प्रसारित किए जाते हैं। आकर्षक ऑफर, फर्जी पैकेज एवं महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरों का उपयोग कर युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया जाता है। इसके माध्यम से विशेष रूप से छात्र एवं युवा वर्ग मानसिक एवं सामाजिक रूप से प्रभावित हो रहा है तथा उन्हें गलत गतिविधियों की ओर धकेला जा रहा है।
कई स्पा सेंटरों में बाहरी राज्यों एवं अन्य जिलों से लाई गई युवतियों को कार्य पर रखा गया है। शिकायतें हैं कि मसाज सेवा के नाम पर इनसे अनैतिक कार्य कराए जाते हैं, जो पूर्ण रूप से कानून एवं सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। कई स्थानों पर देर रात तक संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की बातें भी सामने आती रही हैं। प्रतिनिधि मंडल ने आरोप लगाया कि उक्त मामले में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से यह धारणा बनती जा रही है कि संबंधित संचालकों को कुछ स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण इनके विरुद्ध शिकायतों के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती।
इसके अतिरिक्त यह भी आरोप सामने आते रहे हैं कि कुछ स्पा सेंटरों में आने वाले युवाओं एवं ग्राहकों को महिलाओं के माध्यम से फंसाकर ब्लैकमेल किया जाता है तथा कई मामलों में झूठे छेड़खानी, शोषण अथवा अन्य आरोप लगाकर अवैध वसूली करने की घटनाएं भी होती हैं। ऐसी गतिविधियां न केवल युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही हैं बल्कि जनपद की सामाजिक एवं सांस्कृतिक छवि को भी धूमिल कर रही हैं। झांसी जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले शहर में इस प्रकार की गतिविधियों का बढ़ना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि समय रहते इन पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में अपराध, ब्लैकमेलिंग, मानव तस्करी एवं अन्य सामाजिक अपराधों में वृद्धि होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।














