मां की गोद में लेट कर बताई जहर खाने की बात

 झांसी। जिले के बरुआसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत घसरपुरा मोहल्ला में पत्नी के उत्पीड़न से एक युवक इतना दुखी हो गया कि उसने पत्नी से मोबाइल फोन पर बात कर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद भी पत्नी अस्पताल नहीं पहुंची।
बरुआसागर के घसरपुरा मोहल्ला निवासी सुनील कुशवाहा (24) की शादी लगभग तीन साल पहले झांसी में पंचवटी कॉलोनी निवासी प्रियंका से हुई। शादी के कुछ दिन बाद पति-पत्नी में झगड़ा होने लगा। मई में उसने पति, सास, जेठ, जेठानी समेत चचिया ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करा दिया। प्रियंका समझौते के लिए सुनील से 25 लाख रुपये की मांग कर रही थी। शनिवार को कोर्ट में तारीख कर सुनील शाम को घर पहुंचा था। करीब एक घंटे तक उसने मोबाइल पर प्रियंका से बात की। प्रियंका ने समझौता करने से मना कर दिया। इससे परेशान होकर उसने जहर खा लिया।

परिजनों के अनुसार जहर खाने के बाद सुनील अपनी मां रमादेवी के पास पहुंचा। उनकी गोद में लेटकर उसने बताया कि वह अब जिंदा नहीं रहना चाहता और वह मरने जा रहा है। मां ने उसे ऐसी बात करने सेे मना किया। इस पर उसने बताया कि उसने जहर खा लिया है। यह सुनकर उसकी मां घबरा गई। उन्होंने यह बात आसपास के लोगों को बताई। थोड़ी देर बाद सुनील अचेत हो गया। परिजनों का कहना है चार माह पहले ही सुनील के पिता परमानंद की मौत हो चुकी है। इस घटनाक्रम से परिवार में मातम पसरा हुआ है।