झांसी। झांसी-कानपुर रेल मार्ग पर ट्रेन से कट कर प्राइवेट कम्पनी के कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

झांसी जिले के बरुआसागर थानान्तर्गत ग्राम बारई निवासी लगभग 27 वर्षीय महेन्द्र यादव बड़ागांव थाना क्षेत्र में स्थित खेतान फर्टलाइजर कम्पनी में गार्ड था। परिजनों के मुताबिक महेन्द्र की अप्रैल माह में शादी तय हो गई थी। नंवबर माह में ही उसकी शादी होनी थी।हमेशा की तरह विगत शाम वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था। घर से निकले के कुछ समय बाद उसके साथी ने फोन पर परिजनों को बताया कि महेन्द्र कम्पनी नहीं आया है।

इस पर किसी अनहोनी की आशंका से महेन्द्र की खोजबीन की गई। इस दौरान बुधवार सुबह पता चला कि झांसी-कानपुर रेल मार्ग पर चिरगांव थाना क्षेत्र के रायसेनिया मंदिर के पास एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। जहां परिजनों ने मृतक की महेन्द्र यादव के रुप में शिनाख्त की। मृतक का धड़ से सिर अलग पड़ा था। शव का दाहिना हाथ एवं पांव भी गायब थे। थोड़ी दूर पर उसकी बाइक पड़ी थी। वहीं, पर मोबाइल भी टूटा पड़ा था।

मृतक घटना स्थल पर कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों का शिकार हुआ यह स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल चिरगांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने महेन्द्र का अपहरण करके हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता सुरेश का कहना है कि पांच दिन पहले कुछ लोगों का महेंद्र से विवाद हो गया था। उन लोगों ने जान से मार-डालने की धमकी दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।