झांसी। जिले के टहरौली थाना क्षेत्र में खेत में पेड़ से लटकता हुआ नर कंकाल व आसपास बिखरी कुछ हड्डियों से सनसनी फ़ैल गई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई।

जनपद झांसी के टहरौली थानान्तर्गत ग्राम गुदाहा में ग्रामीण खेत में कटाई करने गए थे। इसी दौरान उन्हें वहां आम के पेड़ से कुछ लटका हुआ नजर आया। ग्रामीणों ने जब नजदीक जाकर देखा तो वह नर कंकाल था और कंकाल की कुछ हड्डियां इधर-उधर बिखरीं थीं। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और नर कंकाल को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई।

नर कंकाल की शिनाख्त पवन अहिरवार के रुप में की गई। बताया गया है कि पवन शराब पीने का आदी था। जिस कारण उसकी पत्नी और बच्चे साथ नहीं रहते थे। वह लगभग दो माह से घर से लापता चल रहा था। उसने आत्महत्या की या फिर हत्या कर उसके शव को लटकाया गया यह स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया। पवन की मौत व शव के कंकाल में बदलने की जानकारी नहीं मिलना रहस्यमय है।