चार के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का मुकदमा 

झांसी। जिले के रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत नयाखेड़ा ढिकोली आत्मग्लानि के चलते महिला ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। मृतका को उसके पति द्वारा गांव के ही एक व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। पति की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
झांसी के रक्सा के नयाखेड़ा ढिकौली निवासी प्रदीप सिंह राजपूत की पत्नी किरण राजपूत (38) ने बुधवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, किंतु इलाज के दौरान यहां शुक्रवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। पति ने आरोप लगाया है कि बुधवार की शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे वह एक व्यक्ति की सूचना पर खातीबाबा मंदिर के पास खेत पर बने कुएं पर गया था। वहां पत्नी किरण को गांव के ही कालका उर्फ कल्ला राजपूत के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। पति ने बताया कि उसके ललकारने पर कालका और पास में मौजूद ज्ञानसिंह राजपूत गाली-गलौज करते हुए धमकी देते हुए भाग गए। इसके बाद घर आकर पत्नी ने आत्मग्लानि में जहरीला पदार्थ खा लिया था।

इसके दूसरे दिन कालका के चाचा हरदयाल और उसके भाई राजेश ने घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पति की शिकायत पर पुलिस ने कालका उर्फ कल्ला राजपूत, राजेश राजपूत, ज्ञान सिंह राजपूत और हरदयाल राजपूत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला के अवैध संबंध गांव के एक व्यक्ति से थे। दोनों को महिला के पति ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी आत्मग्लानि में महिला ने विषाक्त का सेवन कर लिया था, जिसकी उसकी मौत हो गई।

किसी से नहीं मिला पा रही थी नजर
पति द्वारा एक व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद किरण खेत से घर आ गई थी। घर आकर उसने भैंसें लगाईं और अन्य कामकाज किया। लेकिन, इस दरम्यान वह आत्मग्लानि में किसी से नजर नहीं मिला रही थी। कामकाज के दौरान ही उसने विषाक्त का सेवन कर लिया। रात में हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां शुक्रवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।