झांसी। जिले के बबीना थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे ट्रक मालिक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक कल से लापता चल रहा था। पुलिस ने पेड़ से लटक रहे शव को उतार कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। भाई का आरोप है कि मृतक को ट्रांसपोर्टर परेशान कर रहा था। आशंका जताई जा रही है इसी से तंग आकर मृतक ने यह कदम उठाया है।

बड़े भाई हरीराम ने मृतक का नाम अनिल प्रजापति (25 वर्ष) निवासी नोटा खैलार थाना बबीना बताया है। अनिल ने लगभग 8 माह पहले ट्रक खरीदा था। जिसे वह स्वयं चलता था। अभी 6 माह पहले उसकी शादी हुई थी। इससे अब ट्रक को ड्राईवर चला रहा है।

विगत दिवस अनिल बिना बताए हुए घर से बाइक से चला गया। इसी दौरान एक ट्रांसपोर्टर उसके घर आया। जिसने बताया कि अनिल ने चोरी से मूंगफली बेच दी थी। जिसका रुपए अभी तक नहीं दिया गया। यह सुनकर सभी के होश उड़ गए। अनिल को काफी फोन लगाया गया लेकिन सम्पर्क नहीं हो पा रहा था।  किसी अनहोनी की संभावना से उसकी खोजबीन शुरु कर दी गई। रात्रि 2 बजे तक उन्हें खोजा गया। लेकिन कोई सफलता नही मिली। परेशान होकर घर चले गए।

शनिवार सुबह चरवाहे ने बताया कि रेलवे लाइन किनारे एक शव फांसी पर लटक रहा है, पास ही बाइक भी खड़ी हुई है। मौके पर जाकर देखा तो उक्त शव अनिल का निकला। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फांसी से उतारकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। बबीना थाना प्रभारी का कहना है कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। अभी तक उन्हें परिवार के किसी भी सदस्य ने शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।