शोर पर मनचला तमंचा लहराते रफूचक्कर, लड़की ने कर दी पुलिस से शिकायत

झांसी। जिले के समथर थानान्तर्गत ग्राम छपार में देवी दर्शन करने जा रही किशोरी को एक मनचले ने आई लव यू एवं मोबाइल नंबर लिखा 10 का नोट थमा कर छेड़छाड़ की और शोर मचाने पर तमंचा लहराते हुए रफूचक्कर हो गया। पुलिस मनचले को तलाश रही है।

इस मामले में समथर के छपार निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उसके घर आई साढू की 16 बर्षीय पुत्री बीते दिन घर से शाम को देवी माता मंदिर पर जा रही थी। रास्ते में गांव के ही एक मनचले ने जबरन उसे 10 रुपये का नोट थमा दिया। उस नोट पर उस मनचले का मोबाइल नंबर तथा आई लव यू लिखा हुआ था। यह देख कर नाबालिक ने 10 रुपये का नोट लेने से इनकार कर दिया तो युवक ने दबंगई दिखाते हुए नाबालिक का हाथ पकड़ कर एक कमरे में ले जाने के लिए खींचने लगा।

जब लड़की ने विरोध किया तो जबरदस्ती युवक उसके साथ छेड़खानी करने लगा। इस पर लड़की ने शोर मचा दिया। शोरगुल सुन ग्रामवासियों को आता देख उक्त युवक हाथ में तमंचा लहराता हुआ घटनास्थल से जान से मारने की धमकी देते हुए रफूचक्कर हो गया। पीड़ित ने युवक के खिलाफ मामला पंजीकृत करने की सीओ को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है।