झांसी। बाजार में पिकअप गाड़ी की टक्कर से घायल वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरी घटना में खेत से घर जाते समय ट्रैक्टर सवार तीन लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे तीनों घायलों में एक की मौत हो गई।

छतरपुर के थाना लवकुश नगर के मिढका निवासी लगभग 70 वर्षीय बड़ी बहू उर्फ रुकमनी 20 नवंबर को सामान खरीदने के लिए टैक्सी से शाहपहाड़ी के बाजार गई हुई थी। जहां टैक्सी से उतरने के बाद जब वह पैदल जा रहीं थी तभी पिकअप गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गई। घायलावस्था में उन्हें उपचार के लिए नजदीक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां से हालत गम्भीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान मौत हो गई।

दूसरी घटना जालौन के आटा थानान्तर्गत ग्राम अमीसा के पास हुई है। जहां लगभग 35 वर्षीय सुरेश अहिरवार दो दिन पहले वह गांव के ही सुरेश के साथ ट्रैक्टर से खेत पर गया था। उनके साथ उसकी 15 वर्षीय भतीजी खुशबू भी। खेत की जुताई करने के बाद तीनों ट्रैक्टर से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे तीनों घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए उरई जिला अस्पताल भेजा। जहां से हालत गम्भीर होने पर सुरेश को झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।