झांसी। जिले में बरुआसागर थानान्तर्गत ग्राम जरबो में मंगलवार की सायं खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में 75 वर्षीय वृद्धा और उसके दमाद पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वृद्धा की मौत हो गई जबकि दमाद घायल हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया है।

जनपद झांसी में बरुआसागर थानान्तर्गत ग्राम जरबो में अपनी बेटी कौशल्या के घर 75 वर्षीय रचकू निवासी पिपरा थाना टहरौली रहती थी। रिश्तेदारों के अनुसार मंगलवार की देर सायं में रचकू और उसका दमात रघुवंत कुए से ट्यूबवेल से खेत पर पानी लगा रहे थे तभी वहां रघुवंत के परिवार के सदस्य आ गए। उन्होंने इसका विरोध किया तो उनमें झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि विपक्षियों ने रघुवंत पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। यह देख उसकी सास रचकू बीच में आ गई। हमलावरों ने उस पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और रघुवंत घायल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को पीड़ित पक्ष के घर से बरामद कर लिया। एस एस पी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट चार लोगों के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। इनमें एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शव को झांसी पोस्टमार्टम घर भेज दिया। इसके बाद घायल को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। जहां उसे इलाज दिया जा रहा है।